उन्नाव। दशहरा व मोहर्रम के त्योहार को देखते हुए अभी से तैयारियां पूरी कर ली जाएं। थाने में बैठक कर संभ्रांत व्यक्तियों के साथ शांति व्यवस्था बनाए रखने पर चर्चा की जाए। इसके मद्देनजर रूटों का निर्धारण भी कर लिया जाए ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न सामने आए। ये निर्देश डीआईजी डीके चौधरी ने पुलिस लाइन स्थित सभागार में थानाध्यक्षों को दिए।
उन्होंने कहा कि चुनाव व त्योहार नजदीक हैं इसलिए सक्रियता में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लोगों से अपील की जाए साथ ही बिना परमीशन के किसी भी प्रत्याशी का जुलूस न निकलने दिया जाए। यहां उन्होंने थानेवार अपराधों की समीक्षा की साथ ही और चौकसी बरतने के निर्देश दिए।
कहा कि जिले में हो रहे अपराधों पर नियंत्रण किया जाए। थाने आने वाले किसी भी पीड़ित को निराश होकर न लौटाया जाए। इसमें यदि किसी प्रकार की लापरवाही हुई तो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सीओ को निर्देश दिए कि समय-समय पर हो रही गतिविधियों की समीक्षा की जाए ताकि स्पष्ट स्थिति सामने आती रहे। इस दौरान एसपी पवन कुमार, एएसपी राम किशुन यादव के अलावा सीओ व एसओ मौजूद रहे।