उन्नाव। हसनगंज थानाक्षेत्र में एक महीने पहले ट्रक चालक व क्लीनर की हत्याकर कपड़े की गांठ लदे ट्रक लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
एक महीने पहले 22 दिसंबर को हसनगंज थानाक्षेत्र में एटा जिला के नगला कंधौली निवासी ट्रक चालक मुकेश यादव (40) और उसके छोटे भाई दीपेश (35) की हत्या कर बदमाश 60 लाख का कपड़े लदा ट्रक लूट लिया था।
हालांकि घटना के चार दिन बाद पुलिस ने ट्रक को बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में लावारिस हालत में बरामद किया था। हसनगंज थाना पुलिस ने कन्नौज जिला के ठठिया निवासी आशुतोष द्विवेदी, विशुनगढ़ निवासी देवेश कुमार, तकिया निवासी जलीश, ठठिया निवासी सुभाष और सतीश को शुक्रवार रात मोहान चौराहा के पास घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक एमपी सिंह ने बताया कि पकड़े सभी बदमाश कन्नौज के रहने वाले हैं और वाहनों में सवारी के रूप में बैठकर लूटपाट की वारदातों को अंजाम देते हैं। उन्होंने बताया कि यह लुटेरे लूट के लिए हत्या भी कर देते हैं।