उन्नाव। रेलवे के मेगा ब्लाॅक के पहले दिन लोगों के लिए कानपुर का सफर मुश्किलों भरा रहा। शुक्लागंज (गंगाघाट) स्थित गंगा पुल पर रेलवे ट्रैक की मरम्मत के लिए लखनऊ-कानपुर रेल रूट की 26 ट्रेनों को 42 दिन के लिए निरस्त किया गया है। ट्रेनों के न चलने और कानपुर में गंगा मेला के कारण ई-बसों का संचालन भी बंद होने से यात्रियों को ऑटो, ई-रिक्शा और टेंपो का सहारा लेना पड़ा।
कानपुर और उन्नाव के बीच स्थित गंगा नदी पुल के अप ट्रैक में लगी लोहे की चादरें जंग लगने से गल गई हैं। इनके स्थान पर एच बीम टाइप के चैनल स्लीपर लगाने का काम गुरुवार सुबह आठ बजे से शुरू हुआ। इस काम के कारण 42 दिन तक रोजाना नौ घंटे रेल यातायात बाधित रहेगा। लखनऊ-कानपुर के बीच चलने वाली 26 ट्रेनें निरस्त की गई हैं। वहीं, छह का समय और 52 ट्रेनों का रूट बदला गया है।
मेगा ब्लॉक के कारण सबसे ज्यादा परेशानी कानपुर जाने में हुई। गंगा मेला होने के कारण ई-बसें नहीं चलीं। ऑटो, बस और टेपों अड्डे पर भीड़ रही। दैनिक यात्री सुबह से ही रामलीला मैदान स्थित टेंपो अड्डे पर पहुंच गए। काफी देर तक ई-बस का इंतजार किया, लेकिन जब बसें आज न चलने की जानकारी हुई तो उन्होंने दूसरे साधन का सहारा लिया। सुबह नौ से 10 बजे के बीच कानपुर में नौकरी-पेशा करने वाले और वहां प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग लेने वाले युवाओं की भीड़ रही।
कानपुर फूलबाग और घंटाघर जाने वाली टेंपो में जगह नहीं मिली तो यात्रियों ने ई-रिक्शा और ऑटो का सहारा लिया। इधर, लखनऊ बाईपास पर भी लखनऊ जाने वाले यात्रियों की भीड़ रही। हालांकि यात्रियों को परेशानी ने हो इसके लिए परिवहन निगम ने 10 रोडवेज बसों को बढ़ाकर 22 कर दिया है।
-
बोले एआरएम
मेगा ब्लॉक के पहले दिन लखनऊ-कानपुर रूट पर 10 बसे बढ़ाई गई हैं। पहले 12 बसें चलती थीं। अगर यात्री बढ़ेंगे तो बसों की संख्या और बढ़ा दी जाएगी। ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की समस्या न हो।
- गिरीश चंद्र वर्मा, एआरएम
डाउन लाइन से 17 ट्रेनों का संचालन
सुबह आठ बजे अप लाइन पर काम होने से डाउन लाइन से चित्रकूट एक्सप्रेस, राप्ती सागर एक्सप्रेस, वंदे भारत, शताब्दी एक्सप्रेस, कानपुर-लखनऊ मेमू , गोरखपुर एक्सप्रेस, सीतापुर सुपर फास्ट सहित 17 ट्रेनों का संचालन किया गया।