सदर तहसील में मंगलवार को तहसील दिवस में डीएम सौम्या अग्रवाल ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि सूचना विभाग लखनऊ से लाइव टेलीकास्ट टीम आने वाली है, जो जिले के सभी लोहिया गांवों में जाकर लाइव टेलीकास्ट करेगी।
इसमें कमी मिलने पर संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होंगे। वहीं डीएम ने तहसील दिवस में समस्या लेकर आने वालों की सुनवाई की।
जिलाधिकारी ने कहा कि वर्ष 2014-15 के चयनित लोहिया ग्रामों में किए गए विकास कार्यों का सत्यापन किया जा रहा है। पहले दो लोहिया ग्रामों का सत्यापन किया जा चुका है, जिसमें पाया गया कि अधिकारी समय से गांवों में नहीं पहुंच रहे हैं।
उन्होंने अधिकारियों को लोहिया गांवों के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न करने की हिदायत दी। तहसील दिवस में 67 मामले पहुंचे, जिनमें चार का मौके पर निस्तारण किया गया। इस मौके पर एसपी पवन कुमार, एसडीएम जसजीत कौर सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बांगरमऊ प्रतिनिधि के अनुसार, अपर जिलाधिकारी इंद्रपाल उत्तम की अध्यक्षता में तहसील दिवस आयोजित किया गया। इसमें 13 प्रार्थनापत्र पहुंचे। ग्राम जकटापुर के आदित्य कुमार ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे में रजिस्ट्री से अधिक जमीन पर कब्जा किए जाने की शिकायत की।
गंगा देवी सेवा संस्थान के प्रबंधक वंशगोपाल मिश्र ने एक विद्यालय की मान्यता की जांच की मांग उठाई। ग्राम हयात नगर के बैजू व नोनीहल गंज के रामशंकर ने जमीनों पर कब्जों की शिकायत अधिकारी से की।
इस मौके पर एएसपी रामकिशुन यादव, एसडीएम सरयू प्रसाद शुक्ला, तहसीलदार विनोद कुमार सिंह, सीओ आरके सिंह आदि मौजूद रहे।
पुरवा प्रतिनिधि के अनुसार, तहसील दिवस की अध्यक्षता एसडीएम प्रशांत भारतीय ने की। इसमें 12 मामले आए। मौके पर किसी भी मामले का निस्तारण नहीं हो सका। इनमें पुलिस से संबंधित तीन, विकास के चार, जल निगम के दो, राजस्व व अन्य के एक-एक मामले आए।
इस मौके पर सीओ आरके चतुर्वेदी, तहसीलदार मंसूर अहमद, नायब तहसीलदार विवेक मिश्रा, बीडीओ पुरवा सौरभ भट्ट आदि अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।
हसनगंज- तहसील दिवस में 49 मामले पहुंचे, जिनमें से एक का भी निस्तारण नहीं हो सका। रानीखेड़ा खालसा गांव के प्रधान अनिल सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने शिकायती पत्र देकर कहा कि गांव का कोटेदार दो माह से राशन का वितरण नहीं कर रहा है।
इस पर अधिकारियाें ने मामले की जांच करने का आश्वासन दिया। तहसील दिवस में तहसीलदार राजेश चौरसिया, ईओ अशोक सिंह, बीडीओ औरास राबिया बेगम आदि मौजूद रहे।
सफीपुर - तहसील सभागार में आयोजित तहसील दिवस की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम पीके श्रीवास्तव ने 12 प्रार्थनापत्रों की सुनवाई की। इसमें एक शिकायत का मौके पर निस्तारण किया गया। इस मौके पर सीओ एसके प्रजापति, खंड विकास अधिकारी सफीपुर आदि मौजूद रहे।