फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ऑपरेशन के बाद जच्चा-बच्चा की मौत, हंगामा

Sun, 19 Apr 2015 12:26 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, उन्नाव
विज्ञापन
विज्ञापन
सफीपुर/उन्नाव। नर्सिंगहोम में ऑपरेशन के बाद जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। नाराज परिजनों ने शनिवार सुबह जमकर हंगामा किया। लोगों ने सड़क जाम करने का प्रयास किया तो पुलिस ने लाठियां पटकीं। हंगामे के चलते नर्सिंगहोम संचालक और कर्मचारी ताला डालकर भाग गए।
विज्ञापन


विरोध को देखते हुए पुलिस ने नर्सिंगहोम में ताला डाल दिया। पुलिस ने नर्सिंगहोम संचालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। मृतका के पति ने डॉक्टर और महिला दलाल समेत कई लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर लिया है।

सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव सकहन सरांय के मजरा हमजापुर गांव निवासी रामसिंह की 14 महीने पहले बांगरमऊ के मोहल्ला मुन्नू मिया की तलईया निवासी सीमा (22) से शादी हुई थी। शुक्रवार को सीमा को प्रसव पीड़ा हुई तो रामसिंह व अन्य परिजन उसे लेकर सफीपुर कसबा पहुंचे।
विज्ञापन


किफायती और अच्छे इलाज की उम्मीद में परिजन कोतवाली के पास ही रहने वाली एक महिला दलाल से मिले। दलाल ने उसे कसबा में ही स्थित जय हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया। रामसिंह के मुताबिक रात में डॉक्टर व अन्य स्टॉफ ने ऑपरेशन की जरूरत बताई और 16 हजार रुपये जमा करा लिए।

करीब एक घंटे तक आपरेशन रूम में रखने के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने की बात कहते हुए कानपुर लेकर जाने को कहा। इसके बाद वाहन की व्यवस्था कर दो कर्मचारी सीमा को लेकर कानपुर स्थित एक नर्सिंग होम ले गए। नर्सिंग होम के बाहर ही चिकित्सक ने जच्चा व बच्चा को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन रात में ही जच्चा और बच्चा के शव लेकर सफीपुर स्थित नर्सिंगहोम पहुंचे और शव को नर्सिंगहोम के बाहर रख दिया।

रात भर यह लोग यहीं डटे रहे और रामसिंह की सूचना पर परिजनों और रिश्तेदार सुबह करीब सात बजे नर्सिंगहोम पहुंच गए और हंगामा करने लगे। सूचना पर कोतवाली प्रभारी एके राय मौके पर पहुंचे और मृतका के पति से तहरीर लेते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया।

आक्रोशित भीड़ तुरंत कार्रवाई की जिद पर अड़ गई और हंगामा करने लगी। इसके बाद पुलिस ने नर्सिंगहोम संचालक कानपुर जाजमऊ निवासी सैफ अली और शहर के मोहल्ला राजेपुर निवासी रावेंद्र को गिरफ्तार कर लिया और नर्सिंगहोम में ताला बंद कर दिया। इसके बाद हंगामा थमा।

शनिवार सुबह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के पति राम सिंह ने नर्सिंगहोम संचालक कानपुर के सेवानिवृत्त डॉक्टर के पार्टनर के अलावा, ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर, महिला दलाल समेत कई लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। सफीपुर कोतवाली प्रभारी अरुण कुमार राय ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें