बीघापुर। पाटन-मलौना मार्ग पर भैरमपुर गांव के पास युवक की लोन नदी पुल से गिरकर मौत हो गई। रात भर परिजन तलाश करते रहे। रविवार सुबह शव मिलने पर पुलिस ने जांच की। भतीजे के अनुसार चाचा को मिर्गी का दौरा आता था।
बिहार थानाक्षेत्र के भैरमपुर गांव निवासी बच्चनलाल (42) के भतीजे रामचंद्र ने बताया कि चाचा बच्चनलाल खाना खाने के बाद किसी को बिना बताए चले गए थे। रोज की तरह टहलने के लिए जाने की सोच पहले तो ध्यान नहीं दिया। जब रात तक नहीं आए तब तलाश शुरू की लेकिन कुछ पता नहीं चला। रविवार सुबह पता चला कि लोन नदी में युवक का शव पड़ा हुआ है। वहां जाकर देखा तो वह चाचा ही थे।
पुलिस ने जांच की तो भतीजे ने बताया कि बच्चनलाल को मिर्गी का दौरा आता था। बीमारी का इलाज भी चल रहा था। दाैरा पड़ने के दाैरान वह गिर गए होंगे। पति की मौत से पत्नी रामा देवी, बेटी मुस्कान, बेटा गोलू, बेटा आयुष बेहाल हैं। थानाध्यक्ष राहुल सिंह ने बताया कि परिजन ने मिर्गी का दौरा पड़ने की बात बताई है। पुल से गिरकर युवक की मौत हुई है। पोस्टमार्टम करा दिया गया है।