उन्नाव। उन्नाव-रायबरेली मार्ग पर ललऊखेड़ा में घर के सामने बाइक पर बैठकर फोन से बात कर रहे युवक को ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिर गया। पीछे चल रहे दूसरे ट्रक व अन्य वाहन उसे रौंदते हुए निकल गए। घटना से खफा लोगों ने सड़क जाम कर दिया। वहीं भाग रहे ट्रक को लोगों ने पीछा कर पकड़ा और चालक को पीट दिया। पुलिस ने जाम लगाए लोगों को समझा कर लगभग दो घंटे बाद जाम खुलवाया।
सदर कोतवाली क्षेत्र के ललऊखेड़ा में रहने वाले नीरज (18) पुत्र अवधेश कुमार प्रजापति की गदनखेड़ा चौराहे पर जमाल वाच हाउस के नाम से दुकान है। दिवाली का पर्व होने के कारण वह दुकान के बगल में ही गणेश लक्ष्मी की मूर्ति भी बेंच रहा था। दोपहर 12 बजे वह खाना खाने बाइक से घर आया था। घर के सामने बाइक खड़ी कर वह वह फोन से बात करने लगा, तभी पंजाब से आलू लादकर बिहार जा रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिर पड़ा, उसी दौरान पीछे से आ रहीं और गाड़ियाें ने उसे रौंद दिया। इससे नीरज की मौत हो गई। इससे खफा लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। टक्कर मार कर भाग रहे ट्रक को चालक समेत लोगों ने ईश्वरीय खेड़ा गांव के पास पकड़ लिया।
सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी, एसओ अचलगंज, पुरवा कोतवाल व अन्य फोर्स घटना स्थल पर पहुंचा और ट्रक को चालक समेत अचलगंज थाने ले आई। जाम लगाए लोगों को समझाबुझा कर जाम खुलवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक दो भाइयों में छोटा था। वह हरिवंश राय बच्चन डिग्री कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। सदर कोतवाल प्रदीप यादव ने बताया कि पकड़े गए चालक का नाम शमशेर सिंह पुत्र गिरदेव सिंह निवासी लुधियाना का है। जाम खुलवा दिया गया है। उधर, उन्नाव-रायबरेली मार्ग पर दो घंटे तक जाम लगा होने के कारण आने-जाने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। दिवाली का पर्व होने के कारण यातायात भी लगातार चल रहा था।
जाम लगाए लोगों ने आने-जाने वाले सभी वाहनों को रोक दिया, इससे लंबा जाम लग गया। इस दौरान सबसे अधिक परेशानी बाइक में सवार बच्चों को उठानी पड़ी। जाम लंबा देख पुलिस ने पहले दो पहिया वाहन सवार लोगों को निकाला बाद में चौपहिया वाहनों को निकाला। तब कहीं जाकर जाम खुल सका।