फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गिरफ्तार करने गई पुलिस पर हमला

Wed, 08 Apr 2015 01:08 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, उन्नाव
विज्ञापन
विज्ञापन
उन्नाव। चार दिन पहले एक सपा कार्यकर्ता से मारपीट और धारदार हथियार से जानलेवा हमले के आरोपी सभासद को गिरफ्तार कर कोतवाली ले जा रही पुलिस पार्टी पर भीड़ ने हमला बोल दिया और पथराव कर आरोपी को छुड़ा ले गई।
विज्ञापन


आक्रामक हुई भीड़ से बचने के लिए पुलिस को उल्टे पांव लौटना पड़ा। सोमवार रात हुई इस घटना में किला पुलिस चौकी इंचार्ज ने 16 ज्ञात समेत आधा सैकड़ा लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

शहर के मोहल्ला तालिब सरांय निवासी सपा नेता आसिम अली और सभासद इलियास व उनके समर्थकों के बीच मारपीट हो गई थी। हमलावर ने आसिम अली के सिर पर किसी धारदार हथियार से वार किया था। आसिम अली की तहरीर पर पुलिस ने सभासद मो. इलियास के अलावा उसके साथी हासिम, अच्छेबाबू, दिलशाद समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
विज्ञापन


सोमवार देर रात किला पुलिस चौकी इंचार्ज मो. मन्नान, एसआई अरुण कुमार सरोज, बलराम यादव, केपी सिंह ने पुलिस फोर्स के साथ सभासद इलियास के घर पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम आरोपी को कोतवाली ले जाने का प्रयास कर रही थी तभी करीब आधा सैकड़ा लोगों ने पुलिस को घेर लिया अैर धक्कामुक्की कर इलियास को छुड़ा लिया। पुलिस ने मोर्चा संभाला तो भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया इसके बाद पुलिस को भागना पड़ा।

पथराव में चौकी इंचार्ज समेत सभी चार एसआई के अलावा सिपाही प्रेम नारायण, मो. खालिद, विजय प्रताप सिंह समेत चार सिपाही घायल हुए हैं। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र कुमार रघुवंशी ने बताया कि पुलिस पार्टी पर हमला, पथराव, सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

इनके खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
आरोपी सभासद के भाई शमशाद, नौशाद, इरशाद और भतीजे शादाब के अलावा परवेज, राजू, एजाज, जाकिर, शाकिर, दिलशाद, साहबे आलम, मकबूल, नूर आलम, महफूज, वसीक शामिल हैं।

पक्षपात का आरोप लगा एसपी कार्यालय में किया प्रदर्शन
उन्नाव। सभासद इलियास के परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने पुलिस पर घर में घुसकर मारपीट, फायरिंग और महिलाओं से अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए एएसपी से शिकायत की है। मंगलवार को सदर विधायक पंकज गुप्ता के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे लोगों ने एएसपी रामकिशुन यादव को प्रार्थना पत्र दिया।

आरोप लगाया कि किला चौकी इंचार्ज और कोतवाली पुलिस विपक्षी से मिले हैं। बताया कि चार दिन पहले हुई मारपीट में सभासद इलियास ने भी तहरीर दी थी मगर पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। पुलिस मुकदमे के वादी आसिम अली और उसके साथियों के साथ गिरफ्तारी करने पहुंची थी। आसिम अली और उसके साथियों ने पुलिस की मौजूदगी में जमकर मारपीट की। अपर पुलिस अधीक्षक ने सीओ सिटी सर्वेश मिश्रा को मामले की जांच सौंपी है। उन्होंने निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

तीन महिलाओं का कराया मेडिकल
उन्नाव। पुलिस की ओर से कार्रवाई न किए जाने के बाद सभासद पक्ष ने कोर्ट जाने की तैयारी शुरू कर दी है। मंगलवार को तीन महिलाओं का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया गया। जिनमे वाज्दा, अनवरी बेगम और रुख्शाना शामिल हैं। महिलाओं का आरोप है कि पुलिस ने उनके साथ मारपीट की जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं लेकिन पुलिस एकपक्षीय कार्रवाई कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें