फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Unnao News: किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी खेत में बेसुध मिला, मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
बांगरमऊ (उन्नाव)। किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म का आरोपी बुधवार सुबह खेत में बेसुध मिला। जिला अस्पताल में युवक ने दम तोड़ दिया। जहर की आशंका पर पुलिस ने विसरा सुरक्षित किया है। दो साल पुराने मुकदमे में गैरहाजिर रहने पर कोर्ट ने 28 मार्च को वारंट जारी किया था। युवक मंगलवार को कोर्ट जाने की बात कहकर घर से निकला था।
विज्ञापन

बांगरमऊ कोतवाली में कस्बा टोला निवासी अनूप राठौर उर्फ सोनू (22) पर चार अगस्त 2020 को नाबालिग को ले जाने और दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। पुलिस ने किशोरी को खोजने के बाद अनूप को जेल भेज दिया था। एक साल बाद अनूप जमानत मिल गई थी। 22 जुलाई 2023 को अनूप फिर किशोरी को ले चला गया। किशोरी के पिता ने उस पर दोबारा उन्हीं धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दोबारा जेल जाने और जमानत पर मिलने के बाद से वह मुकदमों में हाजिर नहीं हो रहा था। इसके बाद पांच दिसंबर 2024 को तीसरी बार किशोरी को लेकर अनूप चला गया। 28 फरवरी को पुलिस ने किशोरी को खोज लिया। इसके बाद एक मार्च को किशोर न्याय बोर्ड से वन स्टॉप सेंटर ले जा रहे थे। इसी दौरान जहर से किशोरी की भी मौत हो गई।
इधर, 22 जुलाई 2023 को दर्ज हुए मुकदमे में लगातार गैरहाजिर रहने पर कोर्ट ने 28 मार्च को वारंट जारी किया था। पिता छत्रपाल ने बताया कि वारंट की जानकारी होने पर अनूप मंगलवार सुबह 10 बजे उन्नाव कोर्ट जाने की बात कहकर निकला था। देर शाम तक न लौटने पर तलाश की, लेकिन पता नहीं चला। पिता के मुताबिक बुधवार सुबह चार बजे खेत की तरफ निकले तो गांव से 500 मीटर दूर पावर हाउस के पास अनूप झाड़ी में पड़ा मिला। उसे सीएचसी पहुंचाया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान अनूप ने दम तोड़ दिया।
विज्ञापन

बुधवार शाम छह बजे उसका पोस्टमार्टम हो सका। जहर की आशंका पर विसरा सुरक्षित किया गया है। पिता ने बताया कि अनूप दिल्ली में मजदूरी करता था। तीन महीने पहले गांव आया था, तब से यहीं था। वह चार भाइयों में छोटा था। मां रामप्यारी, दादी कलावती और अन्य परिजन बेहाल हैं।
कोतवाल अवनीश सिंह ने बताया कि आरोपी न्यायालय में हाजिर नहीं हो रहा था। उसके खिलाफ वारंट जारी हो रहे थे। इसी से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया है। जांच चल रही है।

दो मार्च को किशोरी तो दो अप्रैल को अनूप की मौत
चर्चा है कि अनूप और किशोरी के बीच कई साल से प्रेम प्रसंग था। वह तीन बार किशोरी को लेकर जा चुका था। पांच दिसंबर 2024 को एक बार फिर अनूप और किशोरी घर से चले गए थे। पुलिस ने किशोरी को खोज लिया था। एक मार्च को किशोरी को किशोर न्याय बोर्ड से वन स्टॉप सेंटर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान किशोरी की जहर से हालत बिगड़ी गई थी। दो मार्च को कानपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। एक महीने बाद दो अप्रैल को अनूप की भी मौत हो गई। पोस्टमार्टम में जहर की बात सामने आई। किशोरी की मौत के बाद उसके परिजनों ने युवक के माता-पिता पर जहर देकर मारने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सवाल यह है कि युवक की भी मौत जहर से होने की आशंका है। उसे जहर दिया गया या फिर खुद खाया इसे लेकर चर्चा जोरों पर है। कोतवाल अवनीश सिंह ने बताया कि हर बिंदु पर जांच चल रही है।
इनसेट
यह है किशोरी की मौत का घटनाक्रम
बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी 16 वर्षीय किशोरी पांच दिसंबर 2024 को अनूप के साथ चली गई थी। किशोरी के पिता ने 15 दिसंबर को अनूप के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट दर्ज होने पर अनूप ने किशोरी के बालिग होने का आधार कार्ड और आर्य समाज मंदिर में 10 जनवरी को शादी करने का प्रमाणपत्र उच्च न्यायालय पेश किया। पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी। 23 फरवरी को न्यायालय ने गिरफ्तारी पर स्टे लगा दिया। किशोरी के 164 के बयान कराने का आदेश दिया।
इस दौरान पंजाब के लुधियाना में रह रहा अनूप किशोरी को लेकर 28 फरवरी को उन्नाव घर आया था। किशोरी ने अनूप की मां रामप्यारी के साथ उसी दिन कोतवाली पहुंचकर बयान कराने का प्रार्थनापत्र दिया था। इसी दौरान किशोरी के पिता ने उसकी हाईस्कूल की मार्कशीट पेश की। इसमें किशोरी के नाबालिग होने की पुष्टि हुई। एक मार्च को महिला सिपाही, अनूप की मां के साथ न्यायालय पहुंची जहां मजिस्ट्रेट ने मेडिकल कराने का आदेश दिया था। इसी दौरान किशोरी की जहर से हालत बिगड़ी थी। दो मार्च को कानपुर के हैलट में उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद पिता ने अनूप, रामप्यारी और छत्रपाल पर दहेज हत्या की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। रामप्यारी को हिरासत में ले लिया गया था। बाद किशोरी की विसरा की रिपोर्ट न आने से छोड़ दिया गया था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें