राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत शुक्रवार को तहसील सभागार में ग्राम प्रधानों, ग्राम पंचायत अधिकारियों, स्थानीय निकाय कर्मचारियों व कोटेदारों की कार्यशाला हुई। वर्कशॉप में बताया कि मार्च से एनएफएसए के तहत जारी होने वाले अस्थायी राशनकार्डों से ही राशन वितरित किया जाए।
जिलापूर्ति अधिकारी नसीम अख्तर ने बताया कि पात्र लोगों के अस्थायी राशनकार्ड पालिका के ईओ के माध्यम से वितरित किए जाएंगे, जबकि ग्राम पंचायतों में कार्डधारकों का चयन खुली बैठक में होगा। ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत अधिकारी पात्र लाभार्थियों का चयन करेंगे।
अस्थायी कार्ड दो प्रतियों में दिए जाएंगे। डीएसओ ने बताया कि राशनकार्डों का संशोधन भी संभव होगा। अन्त्योदय राशनकार्डों की सूची में शामिल अपात्र लोगों को खारिज कर पात्रों के नाम खुली बैठक में शामिल किए जा सकेंगे। बीडीओ को यह अधिकार दिया गया है कि वह प्रत्येक ग्राम पंचायत में खुली बैठकों के लिए तिथियां निर्धारित करें।
कार्यशाला में एसडीएम सरजू प्रसाद शुक्ल, पूर्ति निरीक्षक विवेक कुमार, एडीओ पंचायत रामनाथ कुरील के अलावा सभी ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत अधिकारी, निकाय कर्मचारी व कोटेदार शामिल हुए।