उन्नाव/पुरवा। अचानक मौसम में बदलाव हुआ और आसमान में बादल छा गए। रविवार की रात करीब 11 बजे तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। रात भर रुक, रुककर कभी तेज तो कभी हल्की बारिश होती रही। इससे तापमान में कमी आई।
सोमवार सुबह मौसम साफ हो गया और तेज धूप निकल आई। शाम छह बजे के करीब फिर से मौसम बदला और तेज हवाओं व गरज चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। शाम साढ़े सात बजे तक तेज बारिश होती रही। वहीं तेज हवा व बारिश के चलते पुरवा विद्युत उपकेंद्र से संचालित मंगतखेड़ा, चमियानी, बाजीखेड़ा, बेहटा आदि फीडरों की रात्रि साढ़े 11 बजे बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। इसके चलते क्षेत्र के लगभग दो सैकड़ा गांवों की डेढ़ लाख आबादी प्रभावित हुई।
बिजली विभाग ने सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे फीडरों की सप्लाई बहाल कराई। करीब साढ़े घंटे बिजली नहीं आई। जेई संतोष कुमार ने बताया कि बारिश व हवा तेज होने से लाइन ट्रिप हो रही थी। इसी कारण आपूर्ति बाधित हुई थी।