गंजमुरादाबाद(उन्नाव)। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हसनापुर में किशोर का शव घर से कुछ दूरी पर पेड़ से लटका मिला। मृतक के पिता ने एंड्रॉयड मोबाइल की मांग पूरी न होने पर बेटे के फंदे से लटककर जान देने की बात पुलिस से कही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना से परिवार में कोहराम मचा है।
बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हसनापुर निवासी रामकिशोर का 13 वर्षीय पुत्र प्रवीण कुमार उर्फ प्रिंस कक्षा 7 का छात्र था। 4 दिसंबर 2019 को वह घर से दिल्ली चला गया था। पिता ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। लॉकडाउन के पूर्व वह किसी तरह घर पहुंच गया। तब से घर पर ही रहकर खेती-किसानी में पिता का हाथ बंटा रहा था। पिता के अनुसार रविवार सुबह उसने एंड्रॉयड मोबाइल की मांग की। पिता बताया कि उसने लॉकडाउन खत्म होने के बाद मोबाइल दिलाने का भरोसा दिलाया और उसे साथ लेकर खेत चला गया। सुबह लगभग 10 बजे वह खेत से साइकिल से घर आया और घर से रस्सी लेकर चला गया। बीच रास्ते में उसने साइकिल खड़ी कर पेड़ से फंासी लगा ली।
शव लटका देख परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पिता से घटना की जानकारी ली। पिता ने बताया कि एंड्रॉयड मोबाइल न मिलने पर बेटे ने जान दे दी। कोतवाल श्याम कुमार पाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। प्रवीण की मौत से मां रानी, बड़ी बहन प्राची, छोटे भाई अंश का रो-रोकर बुरा हाल है।