चकलवंशी(उन्नाव)। किशोर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर के अंदरूनी भाग में चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई है। फ सल की रखवाली करते समय मचान के पास जमीन में उसका शव परिजनों ने बरामद किया था। पिता ने गांव के ही एक अधेड़ पर हत्या का शक जाहिर करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
माखी थानाक्षेत्र के कोरारीकला निवासी धीरज (17) पुत्र रामबाबू का शव मंगलवार को खेत में बने मचान के पास मिला था। पिता के अनुसार, घर से करीब सौ मीटर दूर खेत में मक्का उगी है। छुट्टा मवेशियों से फसल की रखवाली करने के लिए खेत में मचान बनाया है। सोमवार देर रात करीब 10 बजे बेटा धीरज खाना खाकर मचान पर सोने चला गया था। रात में बूंदाबांदी हुई तो फ ोन करके बुलाया। बेटे ने फ ोन नहीं उठाया। करीब तीन बजे रात को मचान के पास उसका शव और कुछ दूर पर उसका मोबाइल, बिस्तर पड़ा था।
बेटा पंजाब प्रांत के गोहाना में केला फ सल का काम करता था। शनिवार को घर लौटा था। रविवार को पड़ोसी से विवाद भी हुआ था। ग्रामीणों में चर्चा रही कि मृतक नशे में था। जिससे मचान से गिरकर उसकी मौत हुई है। थाना प्रभारी पवन कुमार सोनकर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर के अंदरूनी हिस्से में खून जमने की पुष्टि हुई है। पिता की तहरीर पर गांव के रामबहादुर पुत्र राजाराम के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।