उन्नाव। सदर कोतवाली के एक मोहल्ला निवासी किशोर का इंस्टाग्राम से दही थानाक्षेत्र के एक मोहल्ले की किशोरी से दोस्ती हो गई। दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। किशोर की मां का आरोप है कि किशोरी ने बातचीत के दौरान बेटे का अश्लील वीडियो बना लिया और प्रताड़ित कर पहले पैसे ले चुकी है और फिर मांग रही है। इसी से परेशान होकर बेटे ने जहर खा लिया है।
किशोर की मां के मुताबिक दोनों फोन पर बात करने के साथ वीडियो कॉल करने लगे। व्हाट्सएप पर दोनों की चैटिंग हुई। इस दौरान किशोरी ने बेटे के अश्लील वीडियो बना लिए। बाद में उसे वायरल करने के नाम पर धमकी देने लगी। मां का आरोप है कि इस दौरान बेटे ने उसे घर से कुछ रुपये भी ले जाकर दिए। उसके बाद भी किशोरी नहीं मानी और पैसे की मांग करते हुए बेटे को प्रताड़ित कर रही है।
किशोरी के इस काम में उसकी मां भी साथ दे रही है। उसने पुलिस को जानकारी दी लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हो रही है। मां का कहना था कि अगर बेटे के साथ कुछ भी होता है तो इसकी जिम्मेदारी उन्हीं मां-बेटी की होगी। उधर, सदर कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की गई है। इसमें किशोरी की तरफ से किशोर के खिलाफ दही थाने में छेड़छाड़ सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी पहले से दर्ज कराई गई है। उसी आधार पर दही थाना पुलिस जांच कर रही है।