थानाक्षेत्र के एक गांव में किशोरी ने बाराबंकी निवासी युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने और चार दिनों तक साथियों के साथ गैंगरेप करने का आरोप लगाते हुए एसपी को प्रार्थनापत्र दिया है। एसपी के निर्देश पर आरोपी युवक व उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
एक गांव निवासी 13 वर्षीय किशोरी 3 सितंबर की शाम शौच के लिए गई थी। उसके बाद नहीं लौटी। परिजनों के काफी तलाश करने पर भी उसका पता नहीं चला। पांच सितंबर को किशोरी के पिता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। जांच कर रही पुलिस को पता चला कि किशोरी गांव में ही शौचालय बनाने का काम कर रहे बाराबंकी जिले के थाना लोनीकटरा के गांव देवीपुर निवासी मंशाराम के साथ गई है। पुलिस के तलाश करने के दौरान सात सितंबर को युवक किशोरी को असोहा छोड़कर भाग निकला।
किशोरी ने घर आकर परिजनों को आपबीती सुनाई। परिजनों ने थाने में मामला बताया। इनकी सुनवाई नहीं हुई। एसपी से मिलने आई पीड़िता ने बताया कि युवक ने साथियों के साथ मिलकर गैंगरेप किया है। पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। एसपी हरीश कुमार के निर्देश पर आरोपी व उसके साथियों के खिलाफ गैंगरेप का मुकदमा दर्ज किया गया। थानाध्यक्ष राजकुमार सरोज ने बताया कि पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।