फोटो-11- पोस्टमार्टम हाउस में मौजूद कुमकुम के परिजन। संवाद
पुलिस जांच में पता चला कि नाबालिग होने के बाद भी तय कर दी थी शादी
दिसंबर में आनी थी बरात, इसी को लेकर परेशान थी नाबालिग
संवाद न्यूज एजेंसी
नवाबगंज। थानखेड़ा गांव में किशोरी का शव, घर में फंदे से लटका मिला। घटना के समय परिजन मवेशियों को चारा देने गए थे। परिजन, पुलिस को घटना की वजह नहीं बता पाए। पुलिस के अनुसार पता चला है कि परिजनों ने शादी तय कर दी थी, इसी वजह से नाबालिग परेशान थी।
अजगैन कोतवाली क्षेत्र के थानखेड़ा गांव निवासी कुमकुम (15) पुत्री अनंतू पढ़ाई नहीं करती थी। पुलिस की जांच में मां रूपा ने बताया कि रविवार सुबह वह पति के साथ मवेशियों को चारा डाल रही थी। बेटी घर पर अकेली थी, जब लौटी तो देखा बेटी फंदे पर लटकी हुई है।
मां के मुताबिक उसके पांच बेटियां ही हैं, चार की शादी हो चुकी है। कुमकुम उम्र में छोटी थी। रिश्तेदारी में अच्छा लड़का मिलने से उसकी शादी तय कर दी थी। दिसंबर महीने में बरात की तैयारी थी। इसके अलावा ऐसी कोई बात नहीं थी, जिससे उसने यह कदम उठा लिया। कोई आरोप न होने से पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
कोतवाल सुरेश सिंह ने बताया कि जांच में यही सामने आया है कि नाबालिग होने के बाद भी उसकी शादी तय कर दी गई थी। शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है।