उन्नाव। दिल्ली की निजामुद्दीन की तब्लीगी जमात से वापस आए जमातियों व अन्य प्रदेशों, जिलाें से आए लोगों की तलाश में पुलिस ने सोमवार को मस्जिद और मदरसा में सर्च अभियान चलाया। एसपी के निर्देश पर सभी थानों की पुलिस के अलावा खुफिया टीमों ने क्षेत्र की सभी मस्जिद और मदरसा पहुंचकर ऐसे लोगों की तलाश की। इस दौरान पुलिस ने मस्जिदों में बंद ताले खुलवाकर चप्पे-चप्पे की तलाशी ली। शाम तक पुलिस को कोई जमाती या बाहर से आए लोग नहीं मिले।
पुलिस को पिछले कई दिन से दूसरे प्रांत व जिलों से आए लोगों के मस्जिद और मदरसा में रुके होने की सूचनाएं मिल रही थीं। पुलिस मौके पर पहुंचती तो वहां कोई नहीं मिलता। कोरोना वायरस से जमातियों के संक्रमित होने की बढ़ती संख्या को देख एसपी विक्रांतवीर ने सोमवार को जिले के सभी थाना-कोतवाली पुलिस व खुफिया टीमों को अपने-अपने क्षेत्र की मस्जिद और मदरसों को चेक करने के निर्देश दिए। जिस पर सुबह से ही पुलिस व खुफिया टीमों ने मस्जिद और मदरसों में सर्च अभियान चलाया। मदरसों के मौलवी के साथ सामंजस्य स्थापित कर ऐसे लोगों की जानकारी उपलब्ध कराए जाने की अपील की। शाम तक कोई भी ऐसा व्यक्ति पुलिस को नहीं मिला।