जूनियर शिक्षक संघ की ब्लाक कार्यकारिणी का चुनाव व अधिवेशन सोमवार को बीआरसी में हुआ। इस दौरान जिलाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने कहा कि जूनियर स्कूलों में शिक्षकों की पर्याप्त संख्या हैं। सभी लोग पूरी मेहनत व लगन के साथ शिक्षण कार्य करें।
महामंत्री अनुपम मिश्र ने कहा कि संगठन शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। शिक्षकों की कोई भी सामूहिक व व्यक्तिगत समस्या हो तो वह पदाधिकारियों को जानकारी दें, उसका हल निकाला जाएगा।
इस दौरान अध्यक्ष पद को छोड़कर अन्य सभी पदों पर पदाधिकारियों को निर्विरोध चुना गया। अध्यक्ष पद पर न्याय पंचायत भादिन के अरविंद शुक्ला और गुरुप्रसाद ने नामांकन कराया। जांच के दौरान पर्यवेक्षकों ने गुरुप्रसाद का नामांकन संगठन में तीन वर्ष की सदस्यता न होने के कारण खारिज कर दिया।
अरविंद शुक्ला को अध्यक्ष चुना गया। महामंत्री अनिल पाल, उपाध्यक्ष मंजू कनौजिया, संकठा प्रसाद व अंबरीश कुमार, कोषाध्यक्ष सुंदरलाल, संयुक्त मंत्री मंजू द्विवेदी, भगौती प्रसाद व श्रीपाल, लेखाकार शिव भजन व आय-व्यय निरीक्षण मुकेश शुक्ला को मनोनीत किया गया।
चुनाव प्रक्रिया पर्यवेक्षक अनिल शुक्ला व चुनाव अधिकारी उदयभान की देखरेख में हुआ। इस दौरान कृपाशंकर, विजय सिंह, मदनलाल दीक्षित, अनामिका, इंदू गौतम, जुबैदा खातून आदि मौजूद रहीं।