पाटन (उन्नाव)। अधिकारियों की लेट लतीफी के चलते तहसील दिवस में फरियादियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह दस बजे से शुरू होने वाला तहसील दिवस दोपहर करीब बारह बजे शुरू हुआ और वह भी जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल की अनुपस्थिति में। दरअसल, आज जंतु उद्यान राज्यमंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री डा. शिव प्रताप यादव का कार्यक्रम लगा था। डीएम के अलावा जिले के दूसरे आलाधिकारी व्यस्त थे। तहसील दिवस की अध्यक्षता सीडीओ संदीप कौर को करनी थी लेकिन वह भी दोपहर करीब बारह बजे पहुंच सकीं। एसपी भी उन्हीं के साथ ही पहुंचे। करीब एक घंटे तक फरियाद सुनने के बाद दोनों अधिकारी चले गए। जिसकारण बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायत अधिकारियों तक नहीं पहुंचा सके।
बीघापुर तहसील में मंगलवार को डीएम की अध्यक्षता में तहसील दिवस आयोजित होना था। इस कारण तहसील परिसर में सुबह से ही शिकायतकर्ताओ की भीड़ रही। तहसील दिवस में न तो जिलाधिकारी पहुंची और ना ही उपजिलाधिकारी ही मौजूद रहे। दोपहर करीब 12 बजे मुख्य विकास अधिकारी संदीप कौर व पुलिस अधीक्षक एमपी सिंह पहुंचे।
करीब एक घंटा रुकने के बाद दोनों ही अधिकारी डौंडियाखेड़ा में राज्यमंत्री जंतु उद्यान व जिले के प्रभारी डा. शिव प्रताप यादव के कार्यक्रम में शामिल होेने के लिए तहसील दिवस छोड़कर वहां के लिए रवाना हो गए। अधिकारियों के जाने के बाद डीडीओ नरेश बाबू सविता व तहसीलदार राजेश गुप्ता ने पीड़ितों की सुनीं।
कुल 315 मामले आए। इनमें से एक का भी निस्तारण नहीं हो सका। इसमें 120 राजस्व के, 64 पुलिस के, 77 अन्य, 37 विकास के व 32 जल निगम के मामले थे। शिकायतकर्ताओं में भईयाखेड़ा निवासी सुनीता सिंह ने नहरो में पानी न आने की शिकायत की। परसंडा निवासी विनोद लोधी ने लोन नदी के पुल की एप्रोच रोड में बडे़-बड़े गड्ढे होने तथा तहसील के ग्राम रसूलपुर, पाण्डेयपुर, धमनीखेड़ा, महराजपुर आदि गांवो में लगे इण्डिया मार्का हैण्ड पंपो के रिबोर न होने की समस्या दर्ज करायी। सराय मंगली के ग्रामीणों व बसपा पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश गौतम ने बढ़कर आए बिजली बिलों को कम कराने का मामला तहसील दिवस में उठाया। कल्यानपुर निवासी अनूप शुक्ल ने पेंशन योजना में धांधली की शिकायत अधिकारियों को दर्ज कराई।