उन्नाव। हसनगंज से शादी समारोह में शामिल होने शहर आ रहे सफाई कर्मचारी को रविवार रात अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौत हो गई। ड्राइविंग लाइसेंस से शव की पहचान कर पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। हेलमेट न पहनने के कारण उसके सिर में चोट आई। सोमवार शाम शव घर पहुंचते ही कोहराम मच गया।
न्योतनी गांव निवासी बबलू (35) पुत्र खैराती शहर के मोहल्ला दारोगाबाग स्थित एक नर्सिंगहोम में सफाई कर्मचारी था। रविवार को शहर के पूरबखेड़ा में रहने वाले उसके भांजे विजय की बरात दरोगाखेड़ा स्थित एक गेस्ट हाउस में थी। बरात में शामिल होने के लिए देर रात बबलू बाइक से रंगोली गेस्ट हाउस के निकला। गेस्ट हाउस से कुछ दूर पहले किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इस कारण उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद उन्नाव-हरदोई मार्ग पर थोड़ी देर जाम लग गया। पुलिस ने शव सड़क से हटवाकर आवागमन सामान्य कराया। जेब से मिले ड्राइविंग लाइसेंस से उसकी पहचान कर पुलिस ने परिजनों को जानकारी दी। सोमवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंची परिवार की महिलाएं शव देख बेहाल हो गईं। देर शाम शव गांव पहुंचा तो पत्नी बेबी शव से चिपटकर चीख पड़ी।