शहर के बड़ा चौराहा पर ऊनी वस्त्र खरीदती महिलाएं।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव/पुरवा। पिछले कई दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड से लोगों को शुक्रवार दोपहर 12 बजे के बाद निकली धूप ने हल्की राहत दी लेकिन शाम चार बजे से ठंड का कहर फिर शुरू हो गया।
गुरुवार को पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहने से ठंड ने बेहाल कर दिया था। भीषण ठंड का कहर शुक्रवार को भी जारी रहा। दोपहर 12 बजे हल्की धूप निकली तो लोगों ने कुछ देर के लिए ही सही राहत महसूस की। लेकिन सूर्यास्त के बाद शाम 5 बजे से फिर कड़ाके की ठंड हो गई। लोग जल्दी काम निपटाकर घरों को रवाना हो गए। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 14 और न्यूनतम 4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
पुरवा नगर पंचायत प्रशासन द्वारा 14 स्थानों पर अलाव जलवाने के किए गए दावे का एसडीएम ने सत्यापन करने के आदेश राजस्व निरीक्षकों को दिए हैं। नगर पंचायत ने शीतलगंज धर्मशाला, पुलिस पिकेट पीराशाह दरगाह, स्टेट बैंक, प्रमोद स्टूडियो, रैन बसेरा, थानागेट, एसडीएम आफि स, मुंसिफ कोर्ट, सीएचसी परिसर व देवी चक्की आदि स्थानों पर अलाव जलवाने की बात कही है। एसडीएम राजेश चौरसिया ने बताया कि जिन स्थानों पर अलाव जलवाने की बात कही गई है असलियत में वहां पर अलाव जल रहे हैं या नहीं इसका सत्यापन राजस्व निरीक्षकों से कराया जा रहा है।