उन्नाव। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए सरकार ने पहले शनिवार और रविवार की साप्ताहिक बंदी तय की थी। करीब तीन महीने दो दिन की साप्ताहिक बंदी चलने के बाद पिछले सप्ताह शनिवार की और अब रविवार की साप्तहिक बंदी को भी समाप्त कर दिया गया है। हालांकि कोरोना संक्रमण से पूर्व लागू बाजारों की साप्ताहिक बंदी के रोस्टर का कड़ाई से पालन करना होगा। इससे अब व्यापार को गति मिलने की उम्मीद है।
शासन ने रविवार को होने वाली साप्ताहिक बंदी को भी खत्म कर दिया है। साथ ही कंटेनमेंट जोन के बाहर सभी रेस्टोरेंट खोलने की भी अनुमति दे दी गई है। 25 मार्च को लागू हुई लॉकडाउन के बाद अनलॉक-2 में जिले में लगातार तीन दिन शुक्रवार, शनिवार और रविवार को साप्ताहिक बंदी लागू की गई थी। अनलॉक-3 में दो दिन शनिवार और रविवार को साप्ताहिक बाजार बंदी लागू की गई। सितंबर में लागू अनलॉक-4 में शनिवार की साप्ताहिक बंदी खत्म कर दी गई थी। अब शासन ने रविवार की बंदी को खत्म कर दिया गया है। इससे व्यापारियों में उत्साह है। हालांकि उन्हें कोरोना संक्रमण के लिए तय किए गए नियमों का पालन हर हाल में करना होगा।
सख्ती से होगा साप्ताहिक बंदी रोस्टर
सिटी मजिस्ट्रेट चंदन कुमार पटेल ने बताया कि पूर्व से लागू साप्ताहिक बाजार बंदी के रोस्टर का कड़ाई से अनुपालन कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिस बाजार/ट्रेड के लिए प्रशासन द्वारा साप्ताहिक बंदी का जो दिन पूर्व से तय है उसका सभी व्यापारियों को सख्ती से पालन करना होगा।
भ्रमण पर रहेंगे प्रवर्तन दल
सहायक श्रमायुक्त हरिश्चंद्र सिंह ने बताया कि अलग-अलग क्षेत्रों/ट्रेडों की साप्ताहिक बंदी के लिए प्रशासन द्वारा हर साल रोस्टर जारी किया जाता है। दिसंबर 2019 में वर्ष 2020 के लिए साप्ताहिक बाजार बंदी का रोस्टर जारी किया गया था। बताया कि इसका पालन कराया जाएगा। जिस बाजार/ट्रेड के लिए बंदी का जो दिन तय है उसदिन बंद रखना होगा। प्रवर्तन टीमें भ्रमण कर इसकी जांच करती रहेंगी। जो भी रोस्टर या कोरोना गाइड लाइन का उल्लंघन करते पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
थोक व फुटकर व्यापारियों को होगी सहूलियत
जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष रजनीकांत श्रीवास्तव ने बताया कि सभी व्यापारी अब पूर्व में सहायक श्रमायुक्त कार्यालय से जारी रोस्टर का पालन करेंगे। उन्होंने बताया कि उन्नाव के व्यापारी ज्यादातर माल कानपुर से खरीदकर लाते हैं। जिले की विभिन्न तहसीलों और ब्लॉकों के दुकानदार उन्नाव शहर से थोक माल की खरीदारी करते रहे हैं। रविवार को सभी जगह एक साथ बंदी से माल की खरीदारी में परेशानी हो रही थी। पूर्व रोस्टर के अनुसार बाजार बंदी से व्यापारियों को सहूलियत होगी।
शहर व टाउन एरिया के लिए पूर्व में तय बंदी दिवस
उन्नाव शहर मंगलवार, बांगरमऊ की सभी दुकानें व बाजार मंगलवार, टाउन एरिया पुरवा गुरुवार, सफीपुर बुधवार, चकलवंशी बुधवार, कुरसठ शुक्रवार, गंजमुरादाबाद शुक्रवार, मौरावां शुक्रवार, बीघापुर सोमवार, अचलगंज सोमवार, भगवंतनगर बुधवार, फतेहपुर चौरासी बुधवार, नवाबगंज बुधवार, शुक्लागंज शुक्रवार, ऊगू सोमवार, हैदराबाद मंगलवार, औरास सोमवार