उन्नाव। पांच महीने चलने वाली समर स्पेशल ट्रेन से जिले के लोग जबलपुर और हरिद्वार के लिए उन्नाव जंक्शन से यात्रा कर सकेंगे।
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल ने समर स्पेशल जबलपुर-हरिद्वार साप्ताहिक सुपरफास्ट का ठहराव अब उन्नाव जंक्शन पर भी किया गया है। 17 अप्रैल से उन्नाव में स्टॉपेज शुरू हो जाएगा। इससे हरिद्वार जाने वाले लोगों को आसानी होगी। हरिद्वार के लिए बुधवार को सुबह 3:50 पर उन्नाव स्टेशन से ट्रेन मिलेगी। वहीं, जबलपुर के लिए शुक्रवार को रात 2:40 पर ट्रेन मिलेगी।
जिले से काफी संख्या में लोग हरिद्वार जाते हैं। रोजगार, पढ़ाई, नौकरी आदि के लिए लोगों का जबलपुर आना-जाना लगा रहता है। जिले के लोग अभी तक कानपुर और लखनऊ से ट्रेन पकड़ते थे, लेकिन समर स्पेशल ट्रेन जबलपुर-हरिद्वार स्पेशल सुपरफास्ट का ठहराव उन्नाव जंक्शन पर कर दिया गया है। इससे अब यह ट्रेन दो मिनट उन्नाव रुककर जाएगी। 17 अप्रैल से एक अगस्त तक स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा।
स्टेशन अधीक्षक त्रिभुवन जोशी ने बताया कि सप्ताह में शुक्रवार को हरिद्वार से चलकर जबलपुर जाने के लिए यह ट्रेन उन्नाव रात 2:40 पर पहुंचेगी। इसके बाद बुधवार को जबलपुर से चलकर हरिद्वार के लिए संचालन किया जाएगा। बुधवार को सुबह 3:50 पर ट्रेन उन्नाव जंक्शन पर रुकेगी। बताया कि अब हरिद्वार और जबलपुर जाने वाले यात्रियों को लखनऊ की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।