फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नौटंकी में रुपये लुटाने की होड़ में तनातनी, चली गोलियां

विज्ञापन
विज्ञापन
मौरावां (उन्नाव)। नौटंकी कार्यक्रम में नृत्य के दौरान रुपये लुटाने की होड़ में चचेरे साले-बहनोई में विवाद के बाद गोलियां चल गई। हमले में साले-बहनोई समेत तीन लोग घायल हो गए। अफरातफरी के बीच मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर घायलों को कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया। घटनास्थल से पुलिस ने एक लाइसेंसी बंदूक व तमंचा बरामद कर एक दोनों पक्षों की तहरीर पर छह लोगों के विरुद्ध जानलेवा हमले समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
विज्ञापन

मौरावां थाना क्षेत्र के ईदाखेड़ा के मजरा पारा गांव में पिछले 30 वर्षों से मेला में नौटंकी का आयोजन हो रहा है। रविवार रात 11 बजे करीब नौटंकी देखने के लिए गांव का अमर सिंह पुत्र रामआधार यादव अपनी लाइसेंसी बंदूक लेकर पहुंचा। मंच पर चल रहे नृत्य के दौरान वह नृत्यांगनाओं पर रुपये लुटाने लगा। इसी बीच धन्नीखेड़ा असोहा निवासी उनके चाचा रामविशुन यादव का दामाद कुलदीप पुत्र गोपी भी अवैध असलहा लेकर कार्यक्रम में पहुंच गया और रुपये लुटाने लगा। रुपये लुटाने की होड़ में रामआधार का चचरे बहनोई कुलदीप से विवाद हो गया और दोनों ओर से आमने-सामने गोली चलने लगी। गोलियों की आवाज से कार्यक्रम स्थल में भगदड़ मच गई। इस दौरान करीब दस राउंड गोलियां दागी गईं। हमले में अमर सिंह के हाथ व सिर, कुलदीप के हाथ मेें व कार्यक्रम में शामिल एक अन्य युवक हरिश्चंद पुत्र रामप्रसाद लोधी निवासी गालिबपुर के पेट में गोली जा धंसी।
सूचना पर पहुंची पुलिस तीनों को लहूलुहान हालत में सीएचसी लेकर पहुंची, जहां से गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालत गंभीर होने पर रात में सभी को कानपुुर हैलट भेज दिया गया। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि अमर सिंह की तहरीर पर उसके चचेरे बहनोई कुलदीप व चचेरे भाई हिटलर के विरुद्ध जानलेवा हमला, बलवा गाली-गलौज व जान की धमकी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं कुलदीप की तहरीर पर अमर सिंह, लाल सिंह, रामस्वरूप, और बैजनाथ निवासी ईदाखेड़ा मौरावां पर जानलेवा हमले के साथ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। एसओ ने दोनों के बीच जमीन को लेकर पूर्व से रंजिश चलने की भी बात कही है।
विज्ञापन

मेला कमेटी के 10 लोगों पर भी रिपोर्ट
बिना अनुमति के नौटंकी और डीजे साउंड बजाने के आरोप में पुलिस ने ईदाखेड़ा मेला जल विहार कमेटी के संजय कुमार, सुरेश कुमार, महेश, गनेश, रमेश, दीनानाथ, रामचंद्र, वीरेंद्र कुमार, और विशाल के विरुद्ध पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर सभी को जेल भेजा है।
जिला अस्पताल में पुलिस ने डाला डेरा
गोलीकांड में तीन के गंभीर रूप से घायल होने और सभी को जिला अस्पताल रेफर करने की भनक लगते ही एसपी एमपी वर्मा ने सदर कोतवाल दिनेश चंद्र मिश्र को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचने के निर्देश दिए। जिस पर आनन-फानन में कोतवाल अस्पताल पहुंच गए। कुछ देर बाद एंबुलेंस घायलों को लेकर अस्पताल पहुंची। पुलिस ने सभी को इमरजेंसी पहुंचाया। इलाज के दौरान कोतवाल ने दोनों पक्षों के बयान भी दर्ज किए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें