क्रिकेट मैच में शॉट लगाता खिलाड़ी। संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही अंडर-25 जिला स्तरीय क्रिकेट लीग के दूसरे मैच में खांडेकर क्रिकेट अकादमी ने डीसीए ब्लू को आठ विकेट से पराजित किया। खांडेकर क्रिकेट अकादमी के राहुल की हैट्रिक व विमल रावत के नाबाद अर्द्धशतक ने जीत दिलाई।
जिला क्रिकेट एसेसिएशन की ओर से चल रही क्रिकेट लीग में बुधवार को हुए मैच में डीसीए ब्लू के कप्तान देवर्षि कुशवाहा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। निर्धारित 30 ओवर में टीम ने नौ विकेट खोकर 125 रन बनाए। इसमें अभय गुप्ता के नाबाद 32 रन, आलोक सिंह ने 26, राकेश रंजन 23 व देवर्षि ने 17 रन बनाए। खांडेकर क्रिकेट अकादमी के राहुल सिंह ने गेंदबाजी करते हुए लगातार तीन विकेट लेकर हैट्रिक लगाई। अभिषेक जायसवाल व अनंत नंदन ने दो-दो विकेट लिए।
जीत के लिए 126 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी खांडेकर क्रिकेट अकादमी ने 19 ओवर में 127 रन बनाकर जीत दर्ज की। इसमें विमल रावत ने शानदार 53 रन, विवेक सिंह के 30 व राहुल सिंह का 22 रन का योगदान रहा। डीसीए ब्लू के अमन सोनी व आकाश सविता ने एक-एक विकेट लिया। अंपायरिंग की भूमिका राजेश चौधरी व शिशिर बाजपेयी ने निभाई। स्कोरिंग का दायित्व राजकिशोर ने निभाया। इस दौरान डीसीए के जिला महामंत्री पीके मिश्रा, संयुक्त सचिव राजेंद्र नाथ, अभिनव त्रिपाठी, विनोद शुक्ला, अमन श्रीवास्तव मौजूद रहे।