उन्नाव। नगर विकास विभाग के विशेष सचिव ने शहर व नवाबगंज में साफ सफाई व्यवस्था देखी। उन्होंने बकरीद व योग दिवस पर निकायों में विशेष अभियान चलाकर सफाई करने के निर्देश दिए। कहा कि मानसून से पहले नाला सफाई का काम पूरा करा लें। बारिश से कहीं जलभराव मिला तो कार्रवाई की जाएगी।
गुरुवार सुबह विशेष सचिव महेंद्र बहादुर सिंह लखनऊ से पहले नवाबगंज कस्बा पहुंचे। यहां पर उन्होंने नगर पंचायत के हाईवे से जुड़े वार्ड की साफ-सफाई देखी। इसके बाद पक्षी विहार गए और पौधरोपण किया। यहां से निकलने के बाद विशेष सचिव सीधे शहरी सीमा में पहुंचे। उन्होंने शहर के अंदर इंट्री करते ही शिवनगर में साफ सफाई को देखा। फिर वह कलक्ट्रेट पहुंचे और पन्नालाल सभागार में वीसी के माध्यम से सभी निकायों के ईओ से जुड़े। विशेष सचिव ने अधिशाषी अधिकारियों से कहा कि वह खुद फील्ड पर निकले। साफ सफाई देखें। कहा कि यदि बारिश में कहीं भी जलभराव मिलेगा तो कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक व निकाय प्रभारी अमिताभ यादव, ईओ संजय गौतम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।