उन्नाव। विकास भवन सभागार में 22 जनवरी को प्रस्तावित भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा संबंधी आयोजन की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। डीएम अपूर्वा दुबे ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि 22 जनवरी को सभी शैक्षणिक संस्थाओं में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।
सभी कार्यालयों में 14 जनवरी से 21 जनवरी तक के मध्य विशेष सफाई अभियान चलाया जाए तथा कार्यालयों के परिसर को प्लास्टिक एवं गंदगीमुक्त बनाया जाए। कस्बों एवं ग्रामों में रोस्टर बनाकर साफ सफाई कराई जए। कार्यालयों में 22 से 26 जनवरी तक विशेष प्रकाश की व्यवस्था की जाए।
उन्होंने कहा कि 22 जनवरी को शराब की दुकाने बंद रखी जाएं। बताया कि 16 जनवरी से 22 जनवरी के मध्य एक सप्ताह तक हर देव मंदिर में राम संकीर्तन आदि का आयोजन किया जाएगा। कहा कि अपने क्षेत्रों में क्षेत्रवासियों के साथ पीस कमेटी की बैठकों का आयोजन कर ले।
एसडीएम, सीओ व बीडीओ को निर्देशित करते हुए कहा कि 22 जनवरी की शाम हर घर, घाट, मंदिर में दीपोत्सव किया जाए। साथ ही आतिशबाजी की व्यवस्था भी की जाए। कहा कि सभी सरकारी इमारतों व स्कूल, काॅलेज को भी सजाया जाए। उन्होंने बीडीओ को निर्देशित करते हुए कहा कि क्षेत्र के प्रसिद्ध मंदिरों पर स्क्रीन लगाकर सजीव प्रसारण कराया जाए।
डीएम ने जिलेवासियों से अपने घरों, संस्थानों आदि में दीप जलाने की अपील की। बैठक में सीडीओ ऋषिराज, एडीएम नरेंद्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट अरूणमणि तिवारी आदि मौजूद रहे।