उन्नाव। कानपुर से लखनऊ जा रही मालगाड़ी के पहिए से चिंगारी निकलने से अफरातफरी मच गई। कचहरी क्रासिंग से गुजरते समय गेटमैन ने जब चिंगारी देखी तो स्टेशन अधीक्षक को सूचना दी। इसके बाद मालगाड़ी को रोका गया।
मेनलाइन पर मालगाड़ी खड़ी हो जाने से अन्य गाड़ियों को लूप लाइन से गुजारा गया। करीब 11 घंटे की मशक्कत के बाद खराबी को दूर किया जा जा सका। इसके बाद मालगाड़ी को लखनऊ की ओर रवाना किया गया। मालगाड़ी के जाने के बाद रेलवे कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।
सोमवार भोरपहर 3 बजे लखनऊ की ओर जा रही मालगाड़ी कचहरी क्रासिंग से गुजर रही थी तभी उसके पहिए से चिंगारी निकलने लगी। चिंगारी निकलते देख क्रासिंग पर तैनात गेटमैन ने इसकी सूचना स्टेशन अधीक्षक को दी। मालगाड़ी को प्लेटफार्म नंबर 3 पर रुकवाया। कर्मचारी मरम्मत के लिए पहुंचे।
जांच पड़ताल में पता चला कि पहिए के ब्रेकशू के चिपक जाने से चिंगारी निकली है। हालांकि अंधेरा होने के कारण चिंगारी निकलने वाले डिब्बे को ढूंढने में अधिकारियों व कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में पता चला कि जिस डिब्बे से चिंगारी निकली है वह बीच में है।
डिब्बे को शंटिंग कर अलग किया गया। मालगाड़ी की मरम्मत के दौरान प्लेटफार्म तीन से गुजरने वाली ट्रेनों को लूपलाइन से निकाला गया। मालगाड़ी के चालक का परिचालन समय समाप्त होने के कारण दूसरा चालक उसे लगभग 11 घंटे बाद दोपहर दो बजे के करीब लखनऊ की ओर ले गया। स्टेशन अधीक्षक विश्राम ने बताया कि मालगाड़ी के एक डिब्बे के पहिए में खराबी आने के कारण इसे प्लेटफार्म तीन पर रोक दिया गया था। इस डिब्बे को अलग कर लगभग दोपहर दो बजे लखनऊ की ओर रवाना किया गया है।