साहब! मेरा पति चौकी से अचानक गायब हो गया था। अभी तक उसका कोई पता नहीं चल सका है। आप ही उसे वापस ला दो। यह गुहार बेहटा पुलिस चौकी से गायब हुए होमगार्ड की पत्नी ने एसपी से तहसील दिवस में लगाई। इसके अलावा अन्य कई मामले तहसील दिवस में उठे। अधिकारियों ने सुनवाई के बाद समस्याआें के शीघ्र निस्तारण का आदेश दिया है।
बांगरमऊ तहसील दिवस में अधिकारियों को निर्देशित करते हुए सीडीओ संदीप कौर ने प्रार्थनापत्रों को गंभीरता से लेकर निस्तारण करने के लिए कहा। तहसील दिवस में आए फरियादियों की शिकायतें सुनने के बाद संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि तहसील दिवस में आने वाली शिकायतों को हर हाल में निस्तारित किया जाए । अगले तहसील दिवस में इसकी समीक्षा करवाकर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। तहसील दिवस में 50 प्रार्थना पत्र पहुंचे। सुनवाई के बाद इन्हें संबंधित विभागों के अधिकारियों को जांच के लिए सौंप दिया गया। प्रमुख मामलों में 10 फरवरी से बेहटा पुलिस चौकी से गायब होमगार्ड जवान रजनीश यादव की बरामदगी को लेकर भाई भानुप्रताप यादव व पत्नी नीरज देवी ने पति की बरामदगी कराने की एसपी गुहार लगाई।
एसपी नेहा पांडे ने मामले को जल्द निस्तारित करने के निर्देश दिए। गांव सिरधरपुर एहतमाली के आधा सैकड़ा ग्रामीणों ने गांव से देशी शराब का ठेका हटवाने की मांग की। लोहिया ग्राम चोरहा के सुशील उमाशंकर व कालीचरण, रामजीवन, अमरपाल ने चकरोड की जमीन पर दंबगों के कब्जा करने की शिकायत की।
सदर तहसील में एसडीएम जसजीत कौर ने समस्याएं सुनीं। इस मौके पर 59 प्रार्थनापत्र आए। इनमें राजस्व के 27, पुलिस के नौ, विकास के छह, समाज कल्याण के पांच, स्वास्थ्य व अन्य विभाग का एक-एक प्रार्थनापत्र आया। इनमें से एक शिकायत का मौके पर निस्तारण किया गया। इस मौके पर नायब तहसीलदार एके सरोज, सीओ सदर आरके सिंह के अलावा अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
पाटन प्रतिनिधि के अनुसार, तहसील मुख्यालय बीघापुर में एसडीएम मृत्युंजयराम की अध्यक्षता में हुए तहसील दिवस में 37 मामले आए। एक का मौके पर निस्तारण किया गया। यहां तहसीलदार हीरालाल सैनी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, बीघापुर ग्रामीण अभियंता (आरईएस), पीडब्ल्यूडी, ब्लाक पुरवा प्रतिनिधि सहित कई कर्मचारी अनुपस्थित रहे।
पुरवा प्रतिनिधि के अनुसार तहसील दिवस की अध्यक्षता एसडीएम प्रशांत भारती ने की। यहां राजस्व के चार, पुलिस के छह, समाज कल्याण के दो, विकास व वनविभाग के एक-एक तथा अन्य विभागाें केे दो मामले आए। प्रभारी चिकित्साधिकारी असोहा, जलनिगम के अवर अभियंता, निर्माण इकाई लोक निर्माण के सहायक अभियंता, खंड विकास अधिकारी असोहा, हिलौली एसओ, सोहरामऊ कृषि विभाग से सहायक विकास अधिकारी अनुपस्थित रहे। अनुपस्थित अधिकारियों पर कार्रवाई के लिए एसडीएम ने डीएम को पत्र भेज दिया है।
हसनगंज प्रतिनिधि के अनुसार तहसीलदार राजेश चौरसिया व सीओ अशोक सिंह ने शिकायतें सुनीं। यहां कुल 38 मामले आए। इनके निस्तारण केे लिए मातहताें को निर्देश दिए गए।