पाटन। किराना व्यापारी के साथ आठ दिन पहले हुई 70 हजार की लूट की घटना में आरोपियों को पकड़ने के बाद चौकी से छोड़ने पर एसपी ने जांच बैठा दी है। बीघापुर सीओ को पूरे मामले की जांच करेंगे।
बिहार थानाक्षेत्र के बाबूखेड़ा दीक्षितन वाला निवासी संजू बाजपेई आठ जुलाई को लोडर से पिता उदयशंकर के साथ काम से जा रहे थे। बिहार-बक्सर मार्ग पर एक ईंट भट्ठा के पास पल्सर सवार तीन लुटेरों ने उनका पीछा कर लोडर रुकवा लिया था। तीनों लुटेरों ने तमंचे के बल पर 70 हजार रुपये लूट लिए थे। पीड़ित ने केसरीखेड़ा निवासी लुटेरे शुभम लोधी को नामजद किया था। घटना के चौथे दिन नामित आरोपी शुभम और उसके साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजने की बात कही थी। लेकिन जब हकीकत परखी गई तो पता चला कि जेल भेजना तो दूर इस मामले में रिपोर्ट तक दर्ज नहीं हुई।
भगवंतनगर चौकी पुलिस की कारगुजारी की खबर का प्रकाशन होने के बाद मामला एसपी तक पहुंचा तो उन्होंने मामले की जांच सीओ को सौंपी है। सीओ ऋषिकांत शुक्ला ने बताया कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पीड़ित व्यापारी संजू का कहना है कि न्याय न मिला तो वह उच्चाधिकरियों तक शिकायत करेंगे।