उन्नाव। सपा के वरिष्ठ नेता व एमएलसी एसआरएस यादव ने कोरोना से बचाव के लिए उन्नाव जिला अस्पताल में वेंटिलेटर के लिए अपनी निधि से 15 लाख रुपये देेने के लिए जिलाधिकारी को पत्र दिया है। सपा के पूर्व जिला महासचिव राजेश यादव ने उन्हें इस समस्या से अवगत कराते हुए मदद की मांग की थी।
वहीं, युवा नेता शशांक शेखर सिंह ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 51 हजार रुपये व उनके बाबा पूर्व एमएलसी रंजीत सिंह ने अपनी एक माह की पेंशन दी है। बांगरमऊ प्रधानसंघ के अध्यक्ष रामसेवक यादव ने अपना एक माह का मानदेय मुख्यमंत्री राहत कोष को देते हुए सभी ग्राम प्रधानों से अपील की है। उत्तर प्रदेश पंचायतीराज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष संदीप कुमार भारती समेत अन्य सफाई कर्मियों ने एक दिन का वेतन दिया है। शहर के रामपुरी मोहल्ला निवासी सेवानिवृत्त कानूनगो महेंद्र कुमार दीक्षित ने अपने साथियों में प्रेमकुमार त्रिवेदी, एडवोकेट मनोज त्रिवेदी, संतोष दीक्षित, जितेंद्र सिंह, प्रमेश बाजपेई व राकेश गुप्ता के साथ मिलकर 15780 रुपये जिलाधिकारी के राहत कोष में जमा कराए हैं।