उन्नाव। जिला अस्पताल में अब आर्टेरियल ब्लड गैस/धमनी रक्त गैस (एबीजी) जांच की सुविधा मिलेगी। इस जांच के जरिए गंभीर मरीजों के रक्त में ऑक्सीजन और कॉर्बन डाई ऑक्साइड की मात्रा का पता लगाया जा सकेगा।
जिला अस्पताल में रोजाना फेफड़ों, हृदय सहित अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित औसतन 80 मरीज पहुंचते हैं। डॉक्टर गंभीर स्थिति में होने के कारण शरीर में ऑक्सीजन और कार्बन डाई ऑक्साइड लेवल जानने के लिए एबीजी जांच कराने की सलाह देते हैं। जिला अस्पताल में इस जांच की सुविधा न होने से मरीजों को कानपुर रेफर किया जाता है। लेकिन शासन के निर्देश के बाद जिला अस्पताल में इस जांच के लिए मशीन लगवा दी गई है। इमरजेंसी वार्ड में इसका संचालन जल्द शुरू कराया जाएगा। मशीन के कुछ उपकरण बाकी रह गए हैं। उनकी खरीद की जा रही है। एक महीने में मशीन के चालू होने की संभावना है।
क्या है एबीजी जांच
रक्त गैस परीक्षण शरीर में ऑक्सीजन और कार्बन डाई ऑक्साइड के स्तर की सटीक जानकारी देता है। इससे डॉक्टर को यह जानने में आसानी होती है कि आपके गुर्दे और फेफड़े कितनी अच्छी तरह काम कर रहे हैं। इससे डॉक्टर को इलाज करने में आसानी होती है। इसके अलावा गंभीर समस्या होने पर समय रहते वह मरीज को रेफर कर भी कर सकते हैं।
इमरजेंसी में ड्यूटी कर रहे डॉक्टर करेंगे संचालन
एबीजी जांच के लिए इमरजेंसी में ड्यूटी कर रहे डॉक्टर मशीन का संचालन करेंगे। इसके लिए डॉक्टरों सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को भी मशीन संचालन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। ताकि संचालन में किसी प्रकार की कोई समस्या न हो।
सीएमएस डॉ. आरए मिर्जा ने बताया कि इमरजेंसी वार्ड में मशीन लगवाई गई है लेकिन अभी कुछ उपकरण बाकी रह गए हैं। डिमांड भेजी गई है। उपकरण उपलब्ध होने के बाद जल्द ही मशीन का संचालन शुरू करा दिया जाएगा।
- डॉ. आरए मिर्जा, सीएमएस