उन्नाव। दही चौकी स्थित सोनिक पावर हाउस में उन्नाव से बरेली जाने वाली लाइन के स्विचयार्ड में शार्ट सर्किट से आग लग गई। इससे वहां से सप्लाई की जाने वाले क्षेत्रों की बत्ती गुल हो गई। विद्युत कर्मियों ने लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
रविवार दोपहर लगभग एक बजे सोनिक पावर हाउस के चार सौ केवीए की उन्नाव-बरेली विद्युत लाइन में शार्ट सर्किट से स्विचयाडर् में आग लग गई। देखते ही देखते आग भड़कने लगी। किसी तरह लाइन की सप्लाई बंद की गई और सूचना दमकल विभाग को दी गई।
कर्मियों ने अग्निसंयंत्रों की सहायता से लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। सोनिक पावर हाउस से कई जनपदों को विद्युत सप्लाई की जाती है। विद्युत विभाग के एई हिमांशु वार्ष्णेय ने बताया कि उन्नाव से बरेली को जाने वाली लाइन के स्विचयार्ड में दोपहर को आग लग गई थी। आग पर काबू पा लिया है। जल्द ही आग से हुए नुकसान को ठीक कराकर लाइन चालू कर दी जाएगी। आग में हुए नुकसान के बारे में अभी आकलन नहीं हो सका है।