ठंड के बीच खुद को गर्म कपड़ों से ढककर रिक्शे से जाती महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
शनिवार को धूप निकलने के बाद भी ठंड कम होने की बजाए और बढ़ गई। सूर्यास्त के बाद गलन बढ़ गई और लोग ठंड से बेहाल हो गए। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।
शुक्रवार देर शाम आठ बजे से ही कोहरा गिरने लगा था। देर रात स्थिति काफी विकट हो गई। 20 फिट की दूरी पर खड़े लोग दिखाई देना बंद हो गए। शनिवार सुबह 10 बजे तक कोहरे का कहर दिखा। इसके बाद हल्की हवाएं चलीं तो बादलों की ओट से सूर्यदेव बाहर आए। दोपहर 12 बजे के करीब धूप निकली तो लोगों ने राहत महसूस की। बाजारों व सड़कों पर चहलकदमी बढ़ गई। हालांकि धूप में तेजी नहीं रही। शाम पांच बजे के बाद सूर्यास्त होते ही ठंड का प्रकोप बढ़ गया।
हल्की हवाओं ने गलन में इजाफा कर दिया। लोग शाम ढलते ही जल्दी-जल्दी काम धंधा निपटाकर घरों को कूच कर गए। शाम को सड़कों व बाजारों में सन्नाटा दिखा। शनिवार को अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।