उन्नाव। हाइवे स्थित आरओबी की सर्विस लेन से निकलने पर वाहन सवारों को अब गड्ढों से होकर नहीं निकलना पड़ेगा। इसकी मरम्मत का काम निर्माणदायी कंपनी गंगोत्री इंटरप्राइजेज के अधिकारियों ने शुरू करवा दिया है। हालांकि यह कार्य पहले आरओबी पर काम पूरा होने के बाद होना था, लेकिन ‘अमर उजाला’ में इसकी खबर छपने के बाद विभाग ने यह काम शुरू करवाया है।
लखनऊ-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित रायबरेली क्रासिंग पर बन रहे आरओबी की सर्विस लेन से रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं। इस कारण यह सड़क और भी दुर्दशा का शिकार हो गई थी। बीते दिनों बारिश होने के बाद यहां पर जलभराव होने से कई वाहन दुर्घटनाग्रस्त भी हो चुके हैं। इस समस्या को 19 अगस्त के अंक मेें प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। इसके बाद आरओबी के निर्माण में लगी निमार्णदायी कंपनी के अधिकारियों ने मिट्टी व गिट्टी के भरान का कार्य शुरू करवा दिया है।
गंगोत्री इंटरप्राइजेज के सुपरवाइजर आरके गुप्ता ने बताया कि सर्विस लेन के अधिक खराब होने के चलते पहले इसमें मिट्टी भरान का काम शुरू करवा दिया गया है। इस कार्य को पूरा करने के बाद आरओबी का कार्य किया जाएगा। फिर दोनों ओर की सर्विस लेेन पर डामरीकरण का भी काम होगा।
,