उन्नाव। सफीपुर के एक गांव निवासी महिला ने अपने बेटे की फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट हैक होने का आरोप लगाया है। किसी ने आईडी का दुरुपयोग कर रिश्तेदारों और परिचितों को अश्लील मैसेज भेजे हैं। इस मामले में 15 अक्तूबर को पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
महिला ने बताया कि हैकर ने बेटे की आईडी का नाम बदलकर तनवीर खान कर दिया। हैक की गई अकाउंट से मायके पक्ष के लोगों, रिश्तेदारों और परिचितों को आपत्तिजनक मैसेज भेजे गए। इन मैसेज में अश्लील बातें भी शामिल थीं। पीड़िता के अनुसार, इस हरकत से उनकी निजता और सामाजिक प्रतिष्ठा को गहरा नुकसान पहुंचा है। आरोपी ने अकाउंट पर उनका पता और मोबाइल नंबर भी दर्ज कर परिचितों को भेजे। महिला ने यह भी बताया कि इससे पहले जिया खान नाम के अकाउंट हैक होने की शिकायत साइबर थाने में की गई थी, जिसकी रिपोर्ट छह महीने पहले सफीपुर कोतवाली पहुंची थी।
पीड़िता ने 15 अक्तूबर को पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की थी। कोतवाल संदीप मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।