शहर के शाहगंज स्थित एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र में नही हो रहा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। शहर के हॉटस्पॉट क्षेत्र में संचालित एसबीआई के ग्राहक सेवा केंद्र में रुपये निकालने आए ग्राहकों ने सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाई। भीड़ देखकर मोहल्लेवासियों ने विरोध किया और लोगों से लाइन में लगकर काम कराने को कहा। तब जाकर महिलाओं ने आपस में दूरी बनानी शुरू की।
शहर के मोहल्ला जवाहर नगर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के बगल में ग्राहक सेवा केंद्र संचालित है। बैंक खुलने के साथ ही उसमें भी काम शुरू हो जाता है। बुधवार को बैंक में भीड़ अधिक होने से रुपये निकालने, खाता खुलवाने के लिए महिलाएं ग्राहक सेवा केंद्र पहुंच गईं। एक साथ 25 से 30 महिलाओं के पहुंचने से भीड़ लग गई। वहां बैठे कर्मचारियों ने बिना लाइन लगवाए ही काम करना शुरू कर दिया। भीड़ में शामिल कई महिलाएं मास्क भी नहीं लगाए थीं। बढ़ती भीड़ के साथ सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न होता देख पड़ोस में रहने वाले लोगों ने इसका विरोध किया और लाइन लगवाकर काम करने की बात कही।
एसबीआई के ब्रांच मैनेजर सुनील कुमार ने बताया कि ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से सोशल डिस्टेंसिंग बनाकर काम करने के निर्देश दिए गए हैं। भीड़ लगवाना गलत है। ग्राहकों को लाइन में लगवाकर काम कराया जाएगा।