सोनिक (उन्नाव)। दिल्ली से रायबरेली जा रही स्लीपर बस पुरवा-उन्नाव मार्ग पर रविवार सुबह करीब पांच बजे, कंटेनर को साइड देने के दौरान अनियंत्रित होकर खंती में पलट गई। हादसे में बस चालक, परिचालक सहित आठ लोग घायल हो गए।
बुलंदशहर जिले के सवारा निवासी बस चालक शकील (45) परिचालक शाहरुख (30) के साथ स्लीपर बस में दिल्ली से 25 सवारियां लेकर रायबरेली के बछरावां जा रहा था।
रविवार सुबह करीब पांच बजे बस उन्नाव-पुरवा मार्ग पर ओरहर गांव की मोड़ के पास पहुंची थी तभी पुरवा से उन्नाव की ओर जा रहे कंटेनर से बचने और उसे साइड देने की कोशिश में चालक ने बस को सड़क से नीचे उतार दिया। सड़क की पटरी क्षतिग्रस्त होने से बस अनियंत्रित होकर खंती में पलट गई।
शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी और बस की खिड़कियों और आगे का शीशा तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। इसी दौरान पुलिस भी पहुंच गई और बस चालक, परिचालक सहित आठ घायल यात्रियों को एंबुलेंस से बिछिया सीएचसी पहुंचाया। अन्य यात्रियों को दूसरे वाहनों से गंतव्य को रवाना किया गया।
थानाध्यक्ष अनुराग सिंह ने बताया की कंटेनर को बचाने में बस पलटी थी। चालक क्लीनर सहित आठ लोग घायल हुए हैं। जिनका बिछिया सीएचसी में इलाज कराने के बाद घर भेज दिया गया है।
यह बस यात्री हुए घायल
रायबरेली जिले के बछरावां निवासी राकेश ( 38), अमेठी के अशोक कुमार (25), अमेठी सरेहटा के नंदकुमार (32), बछरावां की सियावती ( 28), आशुतोष (22), महराजगंज के झुर्री अजीतपुर निवासी प्रेमा (48), कमलेशा ( 40) और बुलंदशहर के सरावा निवासी शकील (45) घायल हुए।