उन्नाव-रायबरेली मार्ग पर बिहार थानाक्षेत्र के आकमपुर गांव के निकट तेज रफ्तार ट्रक ट्रेलर सड़क किनारे खड़े छह लोगों को टक्कर मारते हुए खंती में चला गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में घायलों को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां डाक्टर ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया।
चार घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। नाराज ग्रामीणों ने उन्नाव-रायबरेली मार्ग पर जाम लगा दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने घायलों और मृतक आश्रितों को मुआवजा और सड़क पर ब्रेकर बनवाए जाने की मांग की। बवाल बढ़ने की आशंका में कई थानों की फोर्स पहुंच गई।
सीओ और एसडीएम ने शासकीय सहायता दिलाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। इस दौरान लगभग तीन घंटे तक उन्नाव-रायबरेली मार्ग पर जमा लगा रहा। पुलिस ट्रेलर के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मालिक और चालक तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
बिहार थानाक्षेत्र के जमीपुर गांव निवासी अमित सिंह की आकमपुर तिराहे पर जमीन है। जमीन की नाप के लिए लेखपाल राजेश कुमार दोपहर लगभग तीन बजे मौके पर पहुंचे। लेखपाल के आने की सूचना पर आकमपुर निवासी दीन मोहम्मद उर्फ दीना (42) पुत्र अहमद अली, सिरियापुर गांव निवासी धीरेंद्र प्रताप सिंह (22) पुत्र स्व. बलवीर सिंह के अलावा आकमपुर के पूर्व प्रधान ओमप्रकाश यादव (45) पुत्र रामेश्वर, अन्नू सिंह (20) पुत्र गुड्डू सिंह, अमरेंद्र बहादुर सिंह (42) पुत्र संकठा सिंह व बिहार कस्बा के सलीम (50) भी मौके पर पहुंच गए।
यह आपस में बातें कर रहे थे। लेखपाल राजेश कुमार जमीन की नाप के लिए लट्ठा ढूंढने लगे। इसी दौरान उन्नाव से रायबरेली की ओर जा रहा ट्रेलर अनियंत्रित हो गया। वह छह लोगों को रौंदता हुआ सड़क किनारे खंती में चला गया। हादसे से कोहराम मच गया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना पुलिस को दी गई। बिहार एसओ मो. अशरफ फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने उच्चाधिकारियों को मामले की जानकारी दी। एसपी के निर्देश पर बीघापुर, बारासगवर, असोहा व मौरावां थाने की पुलिस घटना स्थल पर पहुंची।
सभी घायलों को एंबुलेंस से सुमेरपुर पीएचसी भेजा गया। पीएचसी ले जाते समय दीन मोहम्मद व धीरेंद्र प्रताप सिंह ने दम तोड़ दिया। वहीं अमरेंद्र बहादुर सिंह की हालत सामान्य देख घर भेज दिया गया। अन्य घायलों को पीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे से गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दी। जाम की सूचना मिलते ही एसडीएम प्रभुदयाल, सीओ विवेक रंजन राय व नायब तहसीलदार रजनीश बाजपेई मौके पर पहुंचे।
इन्होंने जाम लगाए लोगों को समझाने का प्रयास किया। एसडीएम ने मृतक के परिवारीजनों को सरकारी लाभ दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद हंगामा शांत हुआ। इस दौरान लगभग तीन घंटे तक राजमार्ग जाम रहा। एसओ मो. अशरफ ने बताया कि मृतक धीरेंद्र प्रताप के चाचा बलबीर सिंह ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।