रोती बिलखती मृतक राजकुमार उर्फ छोटू की मां जनाका।
- फोटो : UNNAO
मौरावां। थानाक्षेत्र के गांव हिलौली निवासी शटरिंग कारीगर का शव गांव से आठ किमी दूर आम के पेड़ में फंदे से लटक लोगों ने परिजनों व पुलिस को सूचना दी। परिजनों ने हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है।
मौरावां थानाक्षेत्र के गांव हिलौली के मोहल्ला झुलऊ निवासी राजकुमार उर्फ छोटू (28) पुत्र गोले लोधी शटरिंग का काम करता था। रविवार सुबह पास के कुदरा गांव के पास आम के पेड़ में चुनरी जैसे कपड़े के फंदे से लटकता मिला। लोगों की सूचना पर परिजनों औैर पुलिस मौके पर पहुंची।
भाई रामपाल और मां जनाका ने राजकुमार की हत्या की आशंका जताते हुए घटना का रुख मोड़ने के लिए शव को फंदे से लटकाने की आशंका जताई है। परिजनों ने बताया कि शनिवार को उसे किसी का फोन आया था। इसी के बाद वह शाम को घर से निकला था। देररात तक वह घर नहीं आया। परिजनों का कहना है कि यदि पुलिस काल डिटेल खंगालेगी तो ठोस क्लू मिल सकते हैं। चर्चा है कि युवक का किसी युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शनिवार को भी युवती से मिलने आया था।
मौके पर पहुंचे सीओ पुरवा रमेशचंद्र प्रलयंकर और एसओ राजेंद्र सिंह राजावत ने शव को उतरवाया। तफ्तीश के लिए स्निफर डॉग को भी बुलाया गया। खोजी कुत्ता घटनास्थल से खेतों की तरफ जाकर भटक गया। वहीं फील्ड यूनिट ने कई पहलुओं को खंगालते हुए मामले की जांच की। पुरवा क्षेत्राधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की स्थिति साफ होगी।