उन्नाव। युवा कल्याण एवं प्रांतीयदल विभाग की ओर से आयोजित उत्तर प्रदेश ग्रामीण खेल लीग (यूपीआरएसएल) के तहत ब्लाक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में बीघापुर के युवाओं ने गोला फेंक, दौड़, कबड्डी, कुश्ती आदि में दमखम दिखाया। विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया।
दयालगंज बेलहा खेल मैदान में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में सब जूनियर वर्ग बालक वर्ग की गोला फेंक प्रतियोगिता में शुभम और बालिका में रचना ने बाजी मारी। जूनियर में अभिषेक व अनुष्का और सीनियर में अतुल, आकांक्षा विजयी रहे। चक्का फेंक में सब जूनियर में सौरभ सिंह, जूनियर में सचिन व रचना यादव और सीनियर में अतुल सिंह ने पहला स्थान हासिल किया। कुश्ती में शिवानी राजपूत, चेतन, आदर्श कुमार और सुमेर कुमार प्रथम रहे।
सब जूनियर बालक वर्ग की सौ मीटर दौड़ में यशबीर सिंह व बालिका में रचना देवी, जूनियर बालक में अभिषेक व सीनियर में निर्भय मिश्रा ने फर्राटा भरा। दो सौ मीटर में जूनियर में सचिन यादव ने बाजी मारी। चार सौ मीटर में जूनियर में हिमांशु व सीनियर में अनुज पटेल पहले स्थान पर रहे। सब जूनियर वर्ग की आठ सौ मीटर में रितेश कुमार व 1500 मीटर जूनियर में रामराज को पहला स्थान मिला। भारोत्तोलन में सब जूनियर में रचना, जूनियर में अंशिका व आदर्श सिंह और सीनियर में सुमेर कुमार जीते। विजयी प्रतिभागियों को बीघापुर ब्लॉक प्रमुख पुष्पा के प्रतिनिधि प्रकाश सिंह व ग्राम प्रधान बेलहा दयालगंज गंगा प्रसाद ने मोमेंटो व प्रमाणपत्र देकर पुरस्कृत किया। इस दौरान क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी अनुराग त्रिपाठी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।