हिंसा के रास्ते से हल निकलता न दिखाई देख अब शिक्षामित्र गांधीगिरी पर उतर
आएं हैं। शिक्षामित्र संयुक्त संगठन के पदाधिकारियों ने निराला उद्यान में
बैठक कर पोस्टकार्ड पर पीएम नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई संदेश भेजने
के साथ स्वयं के लिए इच्छामुत्यु मांगी है। बैठक जिला प्रभारी दीप नारायण
त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुई।
गुरुवार को सैकड़ों शिक्षामित्र निराला पार्क में उपस्थित हुए। यहां शिक्षामित्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी को भेजे गए पोस्टकार्ड में लिखा है कि यदि समायोजन बहाल न हुआ तो सभी शिक्षामित्रों को परिवार सहित इच्छा मृत्यु ही दे दी जाए।
शिक्षामित्रों ने पढ़ाई के साथ-साथ सरकार के हर काम में सहयोग किया है। उसके बाद भी हमारे साथ अन्याय किया गया है जो कि गलत है।
इसलिए या तो हमें बहाल किया जाए या फिर परिवार सहित इच्छा मृत्यु दे दी जाए। मीडिया प्रभारी विमल पाल ने 28 सितंबर को दिल्ली के जंतर-मंतर में होने वाले प्रदर्शन में चलने की अपील की है।
साथ ही यह भी बताया कि संगठन का निर्देश है कि सभी अपने-अपने कार्यरत स्कूल में अध्यापन कार्य करेंगे। सरकार पूरी तरह से शिक्षामित्रों के साथ है।
इस दौरान राम किशोर बाजपेई, देव प्रकाश, जयपाल, वीरेंद्र मिश्रा, जगन्नाथ, रेखा सिंह, शीबा जैदी, साधना सिंह, नाजमा सहित अन्य शिक्षामित्र मौजूद रहे।