फोटो-18-मकूर गांव में शारदा नहर पर बना अस्थायी रास्ता। स्रोत: ग्रामीण।
नवाबगंज। विकासखंड के मकूर गांव में शारदा नहर की आसीवन ब्रांच पर नए पुल का निर्माण चल रहा है। इस दौरान आवागमन के लिए एक अस्थायी रास्ता बनाया गया था। अब यह रास्ता नहर में पानी के बहाव को बाधित कर रहा है, जिससे किसान परेशान हैं। किसानों ने इस अस्थायी रास्ते को हटवाने की मांग की है।
पुराने जर्जर पुल को तोड़ने के समय ग्रामीणों के लिए यह रास्ता बना था। मई में सिंचाई के लिए पानी छोड़े जाने पर विभाग ने इसे काट दिया था। ग्रामीणों ने स्वयं पाइप डालकर इसे दोबारा बना लिया। इससे मकूर से आगे के कुसुंभी, देबीनखेड़ा, सूबेदारखेड़ा, कुंजपुर जैसे गांवों तक पानी कम पहुंच रहा है। धान की रोपाई में किसानों को दिक्कत हो रही है।
किसान गौरव सिंह, आलोक सिंह, सुभाष, रामकिशन और रामबाबू ने नहर विभाग के कार्यकारी अभियंता को पत्र लिखा है। उन्होंने बताया कि अस्थायी रास्ते से नहर में पानी का बहाव कम हो गया है। अवर अभियंता अंकुर बाजपेयी ने कहा कि पुल का निर्माण कार्य करीब 15 दिन में पूरा हो जाएगा। इसके बाद अस्थायी रास्ता हटवाकर नहर में पूरी क्षमता से पानी का बहाव शुरू कर दिया जाएगा।