ब्रिज रेल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रेलवे ब्रिज पर नए टर्फ बिछाएं जाने का कार्य बीते शनिवार सुबह ही पूरा कर लिया गया था। जबकि रिवेटिंग, गार्ड रेल और गिट्टी बिछाने का कार्य रविवार को किया गया है। दिनभर अतिरिक्त मजदूर लगाकर कार्य को काम खत्म कराया गया। अधिकारियों को उम्मीद है कि सोमवार को डाउन रेल पथ पर ट्रायल भी कराया जाएगा। रविवार को डब्लूएसटी- 49 नामक पैकिंग मशीन से कानपुर से लेकर गंगाघाट रेलवे स्टेशन तक रेल पथ पर गिट्टी बिछाने के साथ ही लोहे के स्लीपर के खांचों में गिट्टियों की पैकिंग की गई। चीफ ब्रिज इंजीनियर एमपी सिंह के निर्देश पर चार दिन से रुके पड़े रिवेटिंग कार्य भी कराया गया। रेल पथ निरीक्षक स्पेशल लखनऊ रामविलास ने बताया कि रेल पथ विभाग का कार्य खत्म हो चुका है। अब सिर्फ ओएचई इलेक्ट्रिकल्स और सिग्नल एंड टेलीकॉम विभाग का काम ही शेष रह गया है यदि सही समय पर दोनों विभाग अपना कार्य समाप्त कर लेते है तो सात दिसंबर से पहले ही डाउन रेल पथ पर ट्रेनें दौड़ने लगेंगी।