उन्नाव। रेलवे बोर्ड की ओर से 30 दिन के लिए झांसी पैसेंजर ट्रेन निरस्त कर दी गई है। जिले के सात हजार दैनिक यात्रियों को परेशानी हो रही है। उन्होंने रेल मंत्रालय से ट्रेन को दोबारा शुरू कराने की मांग की है।
जिले से रोजाना नौकरी, पढ़ाई, रोजगार आदि के लिए तीन हजार लोग लखनऊ और चार हजार लोगों का कानपुर आवागमन होता है। लेकिन झांसी से चलकर वाया उन्नाव होते हुए लखनऊ को जाने वाली 51813 और लखनऊ से उन्नाव होते हुए झांसी जाने वाली 51814 ट्रेन आठ जून से नौ जुलाई तक के लिए निरस्त कर दी गई है। इससे कानपुर व उन्नाव से लखनऊ जाने वाले यात्रियों को परेशानी का समाना करना पड़ रहा है।
दैनिक यात्री संघ के जिला अध्यक्ष मुर्तजा हैदर रिजवी ने बताया कि झांसी पैसेंजर ट्रेन से कानपुर, लखनऊ, मगरवारा, उन्नाव, अजगैन, सोनिक, हरौनी, जैतीपुर आदि स्टेशन से लोग आसानी आवागमन कर रहे थे। लेकिन ट्रेन बंद होने से उन्हें अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे उन्हें समय भी अधिक लग रहा और किराया भी दोगुना लग रहा है।
सांसद से की मांग
कानपुर से लखनऊ के बीच पूर्व में चलने वाली मेमू ट्रेनों का संचालन बहाल कराने की मांग की है। वह जल्द ही झांसी पैसेंजर का संचालन शुरू कराने की मांग करेंगे।
- मुजतबा हैदर, अध्यक्ष दैनिक यात्री संघ
बोले यात्री
हाइकोर्ट अधिवक्ता मुजतबा हैदर ने बताया कि वह रोज ट्रेन से लखनऊ जाते हैं। झांसी पैसेंजर ट्रेन बंद होने दिक्कत हो रही है। इसका संचालन जल्द से जल्द शुरू किया जाना चाहिए।
मुकेश सैनी ने बताया कि उन्हें लखनऊ जाना होता है। मेमू ट्रेन के बाद झांसी पैसेंजर ही सहारा थी, इसे बंद किया गया है। दिन में ट्रेन न होने से सड़क यातायात का सहारा लेना पड़ रहा है।