फतेहपुर चौरासी। थानाक्षेत्र के गांव कुशेहर बंगला के मजरे जाजामऊ एहतमाली निवासी किसान ने फसल बर्बाद होने पर जहर पीकर जान दे दी।
कुशेहर बंगला के मजरे जाजामऊ एहतमाली में रहने वाले सूरजबली (30) की गंगा किनारे तरबूज की फसल लहलहा रही थी। गुरुवार की शाम अचानक गंगा में पानी बढ़ जाने से सारी फसल नष्ट हो गई। सूचना पर सूरजबली खेतों में पहुंचा और फसल बर्बाद देख सदमा बर्दाश्त नहीं कर सका।
खेत में ही बनी झोपड़ी में जाकर जहरीला पदार्थ पी लिया। दूसरे खेतों में काम कर रहे छोटे भाई शिवकुमार ने भाई की चीख की आवाज सुनी। झोपड़ी में जाकर देखा तो वह तड़प रहा था। परिजनों के साथ स्वास्थ्य केंद्र लेकर जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
सूरजबली के पिता कामता ने बताया कि उसके पास डेढ़ बीघा जमीन है। पत्नी लज्जावती के साथ ही दस वर्ष की लड़की रिंकी, छह वर्ष का पुत्र केसरी व डेढ़ वर्ष का पुत्र दिलीप है। मृतक के पिता ने थाने में पुत्र के मौत की सूचना दी है।
एसओ मनोज मिश्रा ने बताया कि शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।