उन्नाव। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर गहरा गांव के पास स्कूटी की टक्कर से सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई। स्कूटी चला रहा युवक घायल हो गया। परिजन निजी अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। पुलिस ने गाड़ी कब्जे में ली है।
सदर कोतवाली के मसवासी गांव निवासी नन्हालाल (58) गहरा स्थित खाली फैक्टरी की रखवाली करते थे। बुधवार शाम उन्होंने फैक्टरी में साइकिल खड़ी की और बीड़ी लेने के लिए हाईवे पार कर दुकान पर जा रहे थे। इसी दौरान कानपुर की ओर से आ रही स्कूटी की टक्कर से दोनों घायल हो गए। पुलिस अस्पताल लाई, जहां डॉक्टर ने नन्हालाल को मृत घोषित कर दिया। स्कूटी सवार को परिजन निजी अस्पताल लेकर चले गए।
मृतक के बेटे अमित कुमार ने बताया कि पहले पुलिस ने शव को अज्ञात में रखवा दिया। बाद में सोशल मीडिया पर फोटो वायरल हुई तब घटना का पता चला। पति की मौत से पत्नी राजरानी और छह बच्चों में तीन बेटे और तीन बेटी बेहाल हैं। सबसे छोटे बेटे की अभी शादी होनी है। कोतवाल प्रमोद कुमार मिश्र ने बताया कि स्कूटी कब्जे में है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।