छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने जा रही स्कूली वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब दर्जन भर बच्चे घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी भेजवाया। जहां से एक बालक को जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि वाहन चलाते समय चालक मोबाइल पर बात कर रहा था इसी के चलते हादसा हुआ। वाहन को कब्जे में लेकर विद्यालय प्रबंधक को हिरासत में लिया है। चालक मौके से भाग निकला।
बताते चलें कि गुरुवार शाम करीब तीन बजे भैंसई नौबस्ता गांव में संचालित बैजनाथ मेमोरियल पब्लिक स्कूल की वैन छुट्टी के बाद बच्चों को लेकर घर छोड़ने जा रहा था। अभी वह मुख्य मार्ग से सराय की ओर मुड़ा था कि चालक ने नियंत्रण खो दिया और वैन खेत में पलट गई। जिससे इसमें दर्जनों की संख्या में बैठे बच्चे दब गए। चीख पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग दौड़ पड़े। लोगों ने पुलिस को सूचना देकर वैन के नीचे दबे बच्चों को निकालना शुरू किया। मौके पर पहुंचे एसओ देवेंद्र कुमार यादव ने एंबुलेंस से घायलों को अचलगंज सीएचसी भेजवाया। जहां उपचार के दौरान अनमोल पुत्र बबलू सैनी को जिला अस्पताल रेफर करा दिया गया। अन्य घायलों में अनामिका, ओम, नितिन, आजाद, सूर्या, अमित, लहर समेत दर्जन भर बच्चे घायल हो गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कूली वाहन को कब्जे में लेकर विद्यालय प्रबंधक को हिरासत में लिया है। जबकि चालक भागने में सफल हो गया। अभिभावकों गौरी शंकर यादव, बबलू सैनी व मतोले शाहू की माने तो वाहन में बेथर स्थित एक अन्य निजी विद्यालय के बच्चों को भी बैठाया था।