पुरवा। एसडीएम ने तीन ब्लाकों के बीईओ के साथ बैठक की और निर्देश दिए कि अमान्य स्कूलों व कक्षाओं का संचालन किसी भी दशा में नहीं होना चाहिए। अभियान चलाकर स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई करें। लापरवाही मिलने पर डीएम को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
तहसील सभागार में पुरवा, असोहा व हिलौली ब्लाक के बीईओ के साथ स्कूलों के प्रबंधकों की हुई बैठक में एसडीएम राजेश चौरसिया ने निर्देश दिए कि अमान्य स्कूलों का चिह्नांकन कर लिया जाए। बिना मान्यता वाले स्कूलों को बंद कराकर रिपोर्ट दर्ज कराई जाए। कुछ ऐसे स्कूल हैं जिनकी मान्यता मदरसे की है और वो अंग्रेजी माध्यम की कक्षाओं का संचालन कर रहे हैं। ऐसे स्कूलों के प्रबंधकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। बैठक में बीईओ प्रवीण कुमार दीक्षित, सुषमा सेंगर सहित अन्य स्कूलों के प्रबंधक उपस्थित रहे।
पाटन। सुमेरपुर ब्लाक के बीआरसी में तीन चक्रों में होने वाला निष्ठा प्रशिक्षण मंगलवार से शुरू हो गया। पहले चरण में 140 शिक्षकों को प्रतिभाग किया। ब्लॉक संसाधन केंद्र में निष्ठा कार्यक्रम के पहले चक्र में प्रतिभाग करने वाले 140 शिक्षकों को शिक्षण संबंधी नई विधाओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने वीडियो, ऑडियो के माध्यम से शिक्षण कार्य कराने की भी जानकारी दी। प्रशिक्षक शिवशंकर जायसवाल, देवीशरण श्रीवास्तव, विश्व माधव त्रिपाठी, डा. आशीष कुमार दीक्षित व बीईओ दाताराम उपस्थित रहे।