उन्नाव। संगम पोर्टल से युवाओं के लिए रोजगार की राह खुलेगी। सरकार की ओर से युवाओं को इस पोर्टल पर पंजीकरण कराने की अपील की जा रही है। फरवरी में पोर्टल का शुभारंभ किया गया था। जिले में अब तक 2414 युवाओं ने अपना पंजीकरण करा लिया है।
युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकार की ओर से विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसके बाद भी ग्रामीण क्षेत्रों में काफी संख्या में पढ़े लिखे युवा रोजगार से वंचित हैं। उन युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सके। इसके लिए रोजगार संगम पोर्टल विकसित किया गया है। फरवरी 2024 में इसका शुभारंभ किया गया था। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से युवाओं को इस पोर्टल पर पंजीकरण के लिए प्रेरित किया गया। इसके बाद जिले के 2414 युवाओं ने पोर्टल परपंजीकरण कराया है। इसमें 1086 वह अभ्यर्थी शामिल हैं, जो अभी किसी संस्थान में अध्यनरत हैं। वहीं, 1328 ऐसे युवा हैं जो पढ़ाई पूरी करके नौकरी की तलाश में हैं।
जिला सेवायोजन अधिकारी प्रीति चंद्रा ने बताया कि यह पोर्टल सेवायोजन साइट की तरह है, लेकिन इसमें युवाओं की पूरी जानकारी होती है। पंजीकरण के दौरान युवाओं को शैक्षिक योग्यता, कार्य अनुभव, किस क्षेत्र में कार्य अनुभव है, किस क्षेत्र में कॅरिअर बनान चाहते हैं, पारिवारिक विवरण आदि भरना होता है। उन्होंने बताया कि युवाओं को पोर्टल पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जा पर रहा है। इस पोर्टल पर पंजीकरण कराने वाले युवाओं से प्राथमिकता पर निजी क्षेत्रों व संविदा पर नौकरी के लिए संपर्क किया जाता है।
ऐसे करें आवेदन
सबसे पहले rojgaarsangam.gov.in पर जाएं। इसके बाद लॉग इन करें, स्क्रीन पर फार्म खुलकर आएगा। इसके बाद एक ऑप्सन होगा, रजिस्टर फाॅर कैंपस स्टूडेंट, अगर युवा कहीं अध्यनरत हैं तो इस पर क्लिक करें। वहीं जो पढ़ाई करके नौकरी की तलाश में हैं वह जॉब सीकर पर क्लिक करें। इसके बाद पूरा विवरण भरकर सम्मिट कर दें।
-
विदेशों में भी नौकरी के अवसर
संगम पोर्टल पर पंजीकरण के बाद विदेश में भी नौकरी के अवसर मिल सकते हैं। बीते दिनों पोर्टल पर पंजीकृत युवाओं को इजराइल में निकली भर्ती के लिए चयनित किया गया था। इसमें का जिला स्तरीय साक्षात्कार करने के बाद 273 का चयन किया गया था। इसके बाद लखनऊ में साक्षात्कार किया गया। लेकिन चयन सूची अभी जारी नहीं हुई है। सेवा योजन अधिकारी के अनुसार उम्मीद है कि जिले से भी युवाओं का चयन किया जाएगा।